Breaking News

12 जुलाई को होगा वृक्षारोपण महायज्ञ 2026-27, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। वित्तीय वर्ष 2026-27 के वृक्षारोपण महायज्ञ को सफल बनाने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में 12 जुलाई को होने वाले महाअभियान की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी विभागों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 12 जुलाई को सुबह 7:00 बजे से शाम 6:00 बजे तक पूरे जनपद में पौधों का वितरण एवं वृक्षारोपण किया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में ऊर्जावन, समरस वन और अविरल धारा वन सहित विभिन्न थीम आधारित वनों के विकास की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि यदि किसी प्रकार की समस्या या समन्वय की आवश्यकता हो तो संबंधित नोडल अधिकारियों से तत्काल संपर्क कर उसका समाधान सुनिश्चित किया जाए।

समीक्षा के दौरान बंडा, पुवायां, सिंधौली, भावलखेड़ा, ददरौल, कांट, मदनापुर, जलालाबाद, मिर्जापुर, तिलहर, खुदागंज और निगोही विकास खंडों सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं चिन्हित स्थलों पर लगाए जाने वाले पौधों की संख्या, स्थान एवं तैयारियों की जानकारी ली गई।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी पौधरोपण स्थलों पर गड्ढों की खुदाई एवं पौधों के उठान का कार्य समय से पूरा कर लिया जाए, ताकि अभियान के दिन किसी प्रकार की असुविधा न हो।

उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि लगाए जाने वाले प्रत्येक पौधे की जियो-टैगिंग अनिवार्य रूप से की जाए, जिससे वृक्षारोपण अभियान की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं पौधों के संरक्षण की सतत निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

बैठक में नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) सचिन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments