Breaking News

मिशन शक्ति संवाद में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण पर मंथन, उत्कृष्ट कार्य करने वाली 18 महिलाएं सम्मानित

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 23 जुलाई। कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में गुरुवार को मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण पर विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि मिशन शक्ति केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि समाज में महिलाओं और बेटियों के प्रति सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता का वातावरण तैयार करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक परिवर्तन तभी संभव है, जब प्रशासन, मीडिया और आमजन मिलकर कार्य करें। उन्होंने मिशन शक्ति अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाली महिलाओं की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों से सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच रहा है।

पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने कहा कि मिशन शक्ति अभियान ने महिला सुरक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय बदलाव लाया है। उन्होंने कहा कि समाज और पुलिस के बेहतर समन्वय से महिलाओं एवं बालिकाओं तक सहायता पहुंचाने में सफलता मिली है और पुलिस की संवेदनशील एवं सहयोगी छवि मजबूत हुई है। उन्होंने महिला पुलिसकर्मियों से और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने कहा कि किसी भी सरकारी योजना की सफलता जनभागीदारी पर निर्भर करती है। उन्होंने कहा कि मिशन शक्ति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने में स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों और जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है तथा महिलाओं के सशक्तिकरण को सामाजिक जिम्मेदारी के रूप में अपनाना होगा।

मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी ने कार्यक्रम में सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए बालिकाओं के टीकाकरण अभियान में जनसहभागिता बढ़ाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण से इस गंभीर बीमारी से बचाव संभव है। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने घोषणा की कि यदि कोई व्यक्ति 40 से 45 बालिकाओं का समूह तैयार करता है तो प्रशासन विशेष शिविर लगाकर उनके टीकाकरण की व्यवस्था करेगा।

कार्यक्रम के दौरान उड़ान संस्था की डॉ. संगीता मोहन ने बताया कि उनके पास 55 बालिकाओं का ऐसा समूह तैयार है, जिनके अभिभावकों ने टीकाकरण के लिए सहमति दे दी है। इस पर जिलाधिकारी ने स्वास्थ्य विभाग को शीघ्र विशेष टीकाकरण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर महिला सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभिन्न विभागों की महिला अधिकारियों, पुलिसकर्मियों एवं सामाजिक संस्थाओं से जुड़ी 18 महिलाओं को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वालों में डॉ. संगीता मोहन, अमृता दीक्षित, नमिता यादव, श्वेता सक्सेना, नमिता सिंह, नेहा सक्सेना, अल्पना श्रीवास्तव, ललिता यादव, वर्षा गोस्वामी, डॉ. मधुर कश्यप, नीतू गुप्ता, महिमा शुक्ला, रश्मि अग्निहोत्री, नीतू मलिक, राजेंद्री, जूली चौधरी, साधना वाजपेयी एवं डोली चौहान शामिल रहीं।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई आधिकारिक जानकारी पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments