Breaking News

बलरामपुर में एफएमडी निःशुल्क टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 1.97 लाख पशुओं का होगा टीकाकरण

 


ब्यूरो चीफ प्रमोद मिश्रा बलरामपुर ✍️ 

बलरामपुर, 22 जुलाई। राष्ट्रीय पशुधन नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद बलरामपुर में फुट एंड माउथ डिजीज (एफएमडी) निःशुल्क टीकाकरण अभियान का बुधवार को तुलसीपुर से शुभारंभ किया गया। अभियान का शुभारंभ महंत देवीपाटन मंदिर मिथिलेश नाथ योगी, जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन तथा मुख्य विकास अधिकारी हिमांशु गुप्ता ने संयुक्त रूप से टीकाकरण वाहनों को हरी झंडी दिखाकर किया।

यह विशेष अभियान 22 जुलाई से 7 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा। अभियान के तहत जनपद के लगभग 1 लाख 97 हजार गोवंश एवं महिषवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसका उद्देश्य पशुओं को फुट एंड माउथ डिजीज (एफएमडी) जैसी संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखना, पशुधन की उत्पादकता बढ़ाना तथा पशुपालकों की आजीविका को सुदृढ़ करना है।

अभियान के शुभारंभ के बाद जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने तुलसीपुर में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर तैयारियों एवं कार्ययोजना का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि एफएमडी टीकाकरण अभियान पशुधन संरक्षण के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है और इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संचालित किया जाए, ताकि कोई भी पात्र पशु टीकाकरण से वंचित न रहे।

बैठक में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि प्रत्येक टीकाकरण की जियो-टैग्ड फोटो लेकर उसे पशुधन ऐप पर अपलोड किया जाएगा, जिससे अभियान की ऑनलाइन मॉनिटरिंग और पारदर्शिता सुनिश्चित होगी।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक टीकाकरण दल के लिए स्पष्ट कार्ययोजना तैयार कर क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित किए जाएं। साथ ही सभी टीमों को समय पर अपने-अपने क्षेत्रों में पहुंचकर शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने तथा पशुपालकों को एफएमडी रोग से बचाव एवं समय पर टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।

कार्यक्रम में मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, पशुपालन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments