Breaking News

जनसुनवाई दिवस में नगर आयुक्त ने सुनीं आमजन की समस्याएं, 8 शिकायतों के त्वरित निस्तारण के दिए निर्देश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर। नगर निगम शाहजहाँपुर में मंगलवार को "सम्भव" (Systematic Administrative Mechanism for Bringing Happiness and Value) कार्यक्रम के अंतर्गत जनसुनवाई दिवस का आयोजन किया गया। नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी (आईएएस) की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में शहरवासियों की विभिन्न जनसमस्याओं एवं शिकायतों को गंभीरता से सुना गया।

सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक चले जनसुनवाई कार्यक्रम में नागरिकों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, नाली निर्माण तथा कर विभाग से संबंधित समस्याएं नगर आयुक्त के समक्ष रखीं।

नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी ने प्राप्त सभी शिकायतों का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को त्वरित राहत मिल सके।

जनसुनवाई दिवस के दौरान नगर क्षेत्र से कुल 08 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनके शीघ्र समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

इस अवसर पर महाप्रबंधक (जल) विजय नारायण मौर्य, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। नगर निगम ने नागरिकों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जनसुनवाई दिवस में बढ़-चढ़कर भाग लें, ताकि पारदर्शी एवं प्रभावी प्रशासन सुनिश्चित किया जा सके।

Post a Comment

0 Comments