Breaking News

डीएम ने वृक्षारोपण, पर्यावरण एवं गंगा समिति की बैठक में दिए निर्देश, हरितमा ऐप पर जियोटैगिंग और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन पर जोर

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 22 जुलाई। जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला पर्यावरण समिति एवं जिला गंगा समिति की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक में वृक्षारोपण अभियान, पर्यावरण संरक्षण, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन तथा भूजल संरक्षण से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा की गई।

जिला वृक्षारोपण समिति की बैठक में जिलाधिकारी ने वृक्षारोपण जन अभियान-2026 के अंतर्गत लगाए गए सभी पौधों की शत-प्रतिशत जियोटैगिंग कर उनके फोटोग्राफ हरितमा ऐप पर अपलोड करने के निर्देश दिए। उन्होंने गत वर्ष किए गए वृक्षारोपण का सत्यापन कर उसकी जांच रिपोर्ट प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए।

जिला पर्यावरण समिति की बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम-2016 के अनुपालन की समीक्षा करते हुए एमआरएफ (मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी) सेंटर के निर्माण एवं संचालन, नगरीय ठोस अपशिष्ट के संग्रहण, परिवहन एवं निस्तारण, कम्पोस्टिंग, आरडीएफ, लिगेसी वेस्ट तथा बायो मेडिकल वेस्ट के प्रबंधन पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि अस्पतालों से निकलने वाले बायो मेडिकल वेस्ट का नियमित रूप से सुरक्षित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वाहनों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के उपायों की भी समीक्षा की गई।

जिला गंगा समिति की बैठक में जिला गंगा योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा करते हुए नगर पालिका परिषद तिलहर के एमआरएफ सेंटर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए अधिशासी अधिकारी सुनील कुमार को आवश्यक समन्वय स्थापित कर समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा विकासखंड मिर्जापुर के ग्राम पहरुआ स्थित कछुआ तालाब के संरक्षण तथा नेचर बेस्ड सॉल्यूशन विकसित करने के संबंध में भी विचार-विमर्श किया गया।

बैठक के उपरांत भूजल सप्ताह के समापन अवसर पर जिलाधिकारी ने सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने का संदेश देते हुए उपस्थित लोगों को कपड़े के थैले वितरित किए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, प्रभागीय वनाधिकारी सचिन कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अरविंद कुमार, डीपीओ विनय सक्सेना सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार जिला प्रशासन, शाहजहाँपुर द्वारा जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments