ब्यूरो रिपोर्ट: रिज़वान अली, लखनऊ ✍️
लखनऊ, 22 जुलाई। कमिश्नरेट लखनऊ के थाना नगराम पुलिस ने अंग्रेजी शराब के ठेके का शटर तोड़कर नकदी चोरी करने की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि घटना में शामिल एक बाल अपचारी को पुलिस संरक्षण में लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1,11,900 रुपये नकद तथा घटना में प्रयुक्त लोहे की सरिया बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 20 जुलाई 2026 को कारोरा स्थित कंपोजिट अंग्रेजी शराब ठेके के संचालक संदीप सिंह की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में बताया गया कि 19/20 जुलाई की रात अज्ञात व्यक्तियों ने ठेके का शटर तोड़कर काउंटर में रखी नकदी चोरी कर ली थी। इस संबंध में थाना नगराम में मु.अ.सं. 109/2026 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
घटना के खुलासे के लिए गठित पुलिस टीमों ने 30 से 40 सीसीटीवी फुटेज तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया। जांच के आधार पर पुलिस ने राघवेन्द्र कश्यप (45 वर्ष) निवासी ग्राम कारोरा, थाना नगराम, लखनऊ को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक 16 वर्षीय बाल अपचारी को संरक्षण में लिया गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से 1,11,900 रुपये नकद तथा दुकान का शटर तोड़ने में प्रयुक्त एक लोहे की सरिया बरामद की है। मामले में धारा 305(a), 331(4) एवं 317(2) बीएनएस के अंतर्गत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक अंजनी कुमार सिंह के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में उपनिरीक्षक दिनेश कुमार पाठक, अनुज भाटी, चंद्रशेखर, राकेश कुमार मिश्रा तथा आरक्षी हरीश कुमार मिश्रा, पवन कुमार, शिव कुमार और अखिलेश उपाध्याय शामिल रहे।
नोट: यह समाचार लखनऊ पुलिस की आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है। आरोप पुलिस के अनुसार हैं। मामले में अंतिम निर्णय न्यायालय द्वारा किया जाएगा।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़
