ब्यूरो रिपोर्ट बाल किशन, उन्नाव ✍️
उन्नाव, 25 जुलाई। आगामी कांवड़ यात्रा एवं संभावित बाढ़ को देखते हुए जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के साथ विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम एवं एसएसपी ने आनंदेश्वर मंदिर, मिश्रा कॉलोनी और चंदन घाट का भ्रमण कर सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी कैमरों एवं चेंजिंग रूम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने अधिकारियों से कहा कि जलाभिषेक के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं।
इसके बाद जिलाधिकारी ने नाव के माध्यम से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तथा गंगा नदी के कटान वाले स्थानों का निरीक्षण किया। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को कटान रोकने के लिए प्रभावी एवं त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने बाढ़ राहत एवं बचाव तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी बाढ़ चौकियों को सक्रिय रखने, पर्याप्त संख्या में नावों एवं प्रशिक्षित गोताखोरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा और बाढ़ दोनों ही व्यवस्थाओं को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है तथा श्रद्धालुओं और आमजन की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
नोट: यह समाचार प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

0 Comments