ब्यूरो रिपोर्ट बाल किशन, उन्नाव ✍️
उन्नाव। भारतीय सर्व धर्म संसद के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील जी महाराज, जगद्गुरु रामानंदाचार्य स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज सहित विभिन्न धर्मों के धर्मगुरुओं का उन्नाव स्थित होटल शिवा इन में भव्य स्वागत किया गया। सभी धर्मगुरु लखनऊ में आयोजित एक विद्यालय के कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। स्वागत कार्यक्रम का आयोजन भारतीय सर्व धर्म संसद के प्रदेश अध्यक्ष सुरेंद्र वर्मा बाबा के नेतृत्व में किया गया।
कार्यक्रम में इंडियन रेड क्रॉस सोसायटी के सभापति अमित मिश्रा, युवा नेता सौरभ वर्मा, लक्ष्य निगम, कुंवर प्रीत सिंह, मनोज कुमार, सचिन वर्मा, अनुप, दिनेश सहित विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सुशील जी महाराज ने कहा कि उन्नाव आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल है, जहां सभी धर्मों के लोग मिल-जुलकर कार्यक्रम आयोजित करते हैं। उन्होंने अयोध्या स्थित राम मंदिर में हुई चोरी के मामले पर कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा विश्वास है और न्यायालय दोषियों के विरुद्ध उचित कार्रवाई करेगा।
दिल्ली में चल रहे घटनाक्रम के संबंध में उन्होंने कहा कि देश के युवाओं का भविष्य सर्वोपरि है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर संबंधित पक्षों के बीच संवाद के माध्यम से शांतिपूर्ण समाधान निकालने की अपील की गई है।
सरदार सुरजीत सिंह ने दिल्ली की घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए सभी पक्षों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
जगद्गुरु स्वामी सतीशाचार्य जी महाराज ने कहा कि मानवता सबसे बड़ा धर्म है और धर्म के नाम पर समाज को विभाजित नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने बताया कि भारतीय सर्व धर्म संसद के सदस्य विभिन्न राज्यों एवं अन्य देशों में भी सामाजिक एवं धार्मिक सद्भाव का संदेश देते रहे हैं।
स्वामी वीर सिंह हितकारी जी महाराज ने कहा कि सभी धर्मों के लोगों को एक-दूसरे की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करना चाहिए और धार्मिक विषयों पर अनावश्यक विवाद से बचना चाहिए।
मौलाना मुहम्मद अजाजुर रहमान ने कहा कि किसी भी विवाद का समाधान संवाद और शांतिपूर्ण वार्ता से होना चाहिए।
रेव. फादर सेवारिटयन कांलिठाणाम ने बताया कि लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों और समुदायों के बच्चे भाग लेंगे तथा भारतीय सर्व धर्म संसद समाज के सभी वर्गों के बीच सद्भाव और एकता को बढ़ावा देने के लिए कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में भिक्खू संघेसिना, परमजीत सिंह चंडोक सहित भारतीय सर्व धर्म संसद के अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने सामाजिक समरसता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया।
नोट: यह समाचार कार्यक्रम आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई जानकारी एवं कार्यक्रम में वक्ताओं द्वारा दिए गए संबोधनों पर आधारित है।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़


0 Comments