Breaking News

लीड कॉन्वेंट स्कूल में मिशन शक्ति कार्यक्रम आयोजित, छात्र-छात्राओं ने दिया महिला सशक्तिकरण का संदेश

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 29 जुलाई। महिला सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सहयोग संस्था के तत्वावधान में लीड कॉन्वेंट स्कूल में बुधवार को मिशन शक्ति विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने पोस्टर मेकिंग सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग कर महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि महिला थाना प्रभारी रश्मि अग्निहोत्री रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में महिला कल्याण विभाग की समन्वयक अमृता दीक्षित तथा सहयोग संस्था की अध्यक्ष स्तुति गुप्ता उपस्थित रहीं। विद्यालय की प्रबंधक तराना जमाल ने सभी अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया।

अपने संबोधन में तराना जमाल ने कहा कि शिक्षा और जागरूकता के कारण आज महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण शक्ति हैं तथा छात्र-छात्राओं से महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा एवं समान अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि रश्मि अग्निहोत्री ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, हेल्पलाइन सेवाओं तथा आत्मरक्षा के उपायों की जानकारी दी। वहीं अमृता दीक्षित ने मिशन शक्ति अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने में समाज की सहभागिता पर बल दिया। स्तुति गुप्ता ने बालिकाओं को शिक्षा, आत्मविश्वास और आत्मनिर्भरता के महत्व से अवगत कराया।

कार्यक्रम के दौरान आयोजित पोस्टर मेकिंग एवं अन्य प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को अतिथियों द्वारा सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। पूरे आयोजन में महिला सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण का संदेश प्रमुखता से दिया गया।

इस अवसर पर संगीता गुप्ता, सुमन गुप्ता, ममता यादव, प्रयांशी गंगवार, सुषमा, अपर्णा, रूप सिंह, फराह खान, नीतू सक्सेना, आस्था मिश्रा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

नोट: यह समाचार आयोजकों द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रेस विज्ञप्ति पर आधारित है।

— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

Post a Comment

0 Comments