स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहाँपुर, 23 जुलाई। जनपद शाहजहाँपुर के थाना रोजा क्षेत्र में अटसलिया और सैटेलाइट ओवरब्रिज के बीच हाईवे पर बृहस्पतवर शाम हुए सड़क हादसे में बाइक सवार चाचा-भतीजे की मौत हो गई। दुर्घटना में कार सवार एक महिला और एक बच्चे को भी मामूली चोटें आई हैं।
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई को शाम करीब 7:30 बजे यूपी-112 कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मोटरसाइकिल संख्या UP27 BQ 0731 को बैगनार कार संख्या UP35 AP 2017 ने टक्कर मार दी है, जिससे बाइक सवार दो व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रोजा उमेश मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायलों विष्णु (25 वर्ष) पुत्र रामेश्वर तथा उनके ताऊ बलराम (70 वर्ष) पुत्र मांगीलाल, निवासी ग्राम हथौड़ा बुजुर्ग, थाना रोजा, को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा। वहीं कार में सवार एक महिला और एक बच्चे को भी हल्की चोटें आने पर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस के अनुसार, जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने विष्णु और बलराम को मृत घोषित कर दिया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए शवगृह में रखवाकर पंचनामा की कार्रवाई की जा रही है।
घटना के बाद पुलिस ने दोनों वाहनों को अपने कब्जे में लेकर हाईवे पर यातायात सुचारु कराया। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
नोट: यह समाचार शाहजहाँपुर पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई प्रारंभिक आधिकारिक जानकारी पर आधारित है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा आगे की कार्रवाई जांच के निष्कर्षों के आधार पर की जाएगी।
— सच की आवाज़ वेब न्यूज़

0 Comments