Breaking News

शाहजहाँपुर में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान का शुभारम्भ, डीएम ने जनजागरूकता रैली को दिखाई हरी झंडी

 

स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 01 जुलाई 2026। जनपद में 01 से 31 जुलाई 2026 तक संचालित होने वाले विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान तथा 11 से 31 जुलाई 2026 तक चलने वाले दस्तक अभियान का शुभारंभ बुधवार को जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट परिसर से जनजागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी ने कहा कि संचारी रोगों की रोकथाम केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि सभी विभागों एवं आमजन की सक्रिय सहभागिता से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। उन्होंने अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देने पर बल दिया।

जिलाधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देशानुसार नगर विकास, पंचायतीराज, स्वास्थ्य, पशुपालन, बाल विकास एवं पुष्टाहार, शिक्षा, कृषि, सिंचाई, उद्यान, दिव्यांगजन सशक्तीकरण तथा सूचना विभाग के समन्वय से पूरे माह जनजागरूकता एवं रोग नियंत्रण संबंधी गतिविधियां संचालित की जाएंगी।

अभियान के तहत नगर निकायों द्वारा साफ-सफाई, फॉगिंग, शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना, खुले में शौच मुक्त वातावरण सुनिश्चित करना तथा मच्छरों की रोकथाम के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। ग्रामीण क्षेत्रों में ग्राम विकास अधिकारियों के नेतृत्व में जल निकासी, झाड़ियों की सफाई, तालाबों की सफाई एवं कीटनाशक छिड़काव कराया जाएगा।

बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें पोषण उपलब्ध कराएगा, जबकि शिक्षा विभाग विद्यालयों में स्वच्छता, हाथ धोने की आदत, शुद्ध पेयजल एवं शौचालय उपयोग के प्रति विद्यार्थियों और अभिभावकों को जागरूक करेगा।

पशुपालन विभाग पशुपालकों को जागरूक करेगा, वहीं कृषि एवं सिंचाई विभाग जलभराव रोकने, मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण तथा मच्छररोधी पौधों के रोपण को बढ़ावा देगा। स्वास्थ्य विभाग संचारी रोगों, बुखार, कोविड जांच, टीकाकरण, क्षय रोग की जांच एवं उपचार सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं का संचालन करेगा। उद्यान विभाग सार्वजनिक स्थलों पर मच्छर विकर्षी पौधों का रोपण करेगा, जबकि दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग दिव्यांग बच्चों के लिए आवश्यक सहायता एवं पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराएगा।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, सिटी मजिस्ट्रेट, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला कृषि रक्षा अधिकारी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments