स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️
शाहजहांपुर। जनशिकायतों के समयबद्ध, पारदर्शी और निष्पक्ष निस्तारण के लिए शाहजहांपुर पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत 25 सितंबर 2026 को जिले में कुल 33 शिकायतों का मौके पर जाकर निस्तारण किया गया।
पुलिस अधीक्षक शाहजहांपुर सौरभ दीक्षित के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण में आईजीआरएस के माध्यम से प्राप्त जनशिकायतों के गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण के लिए यह विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के लिए अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
अभियान के तहत जिले के सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी शिकायतकर्ताओं के मौके पर पहुंचकर शिकायतों का निस्तारण कर रहे हैं। प्रत्येक क्षेत्राधिकारी द्वारा अपने सर्किल के थाना क्षेत्र में प्रतिदिन कम से कम एक स्थान तथा थाना प्रभारी द्वारा अपने क्षेत्र में कम से कम दो स्थानों पर मौके पर जाकर शिकायतों का निस्तारण किया जा रहा है।
25 सितंबर को चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी थानों पर प्राप्त शिकायतों में से कुल 33 शिकायतों का स्थलीय निरीक्षण कर मौके पर निस्तारण किया गया।
पुलिस के अनुसार, अभियान का उद्देश्य शिकायतकर्ताओं को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार थाने अथवा पुलिस कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत देना है। पुलिस टीम शिकायतकर्ता के बताए स्थान पर पहुंचकर स्थलीय निरीक्षण करेगी और दोनों पक्षों से फीडबैक लेकर शिकायत के समाधान के संबंध में संतुष्टि सुनिश्चित करेगी।
शाहजहांपुर पुलिस का कहना है कि मौके पर शिकायतों के निस्तारण से जनशिकायतों के समाधान में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ेगी तथा शिकायतकर्ताओं को बेहतर पुलिस सेवा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
