ब्यूरो चीफ अमित गुप्ता सीतापुर✍️
बिसवां, सीतापुर। नगर के मोहल्ला रायगंज स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिर परिसर को फूलों, गुब्बारों और रंग-बिरंगी रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
मंदिर के पुजारी के अनुसार, सुबह से ही मंदिर में भक्तों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। शाम को भजन-कीर्तन और भगवान श्रीकृष्ण की विशेष झांकी सजाई गई। रात 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के समय मंदिर परिसर “नंद घर आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की” के जयकारों से गूंज उठा।
इस अवसर पर मंदिर कमेटी की ओर से प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन भी किया गया। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना की और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
वहीं, छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण की मनमोहक वेशभूषा धारण कर श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय पुलिस भी मौजूद रही। जन्माष्टमी महोत्सव को सफल बनाने में मोहल्लावासियों और मंदिर कमेटी के सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
