दुर्गा पूजा समितियों को नगर पालिका अध्यक्ष ने दी 2,500 रुपये की सहयोग राशि

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

आधुनिक पूजा थाली व अंगवस्त्र भेंट कर समितियों को किया सम्मानित

बलरामपुर। आगामी नवरात्रि पर्व, श्री दुर्गा पूजा, श्रीरामलीला एवं दशहरा को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से आदर्श नगर पालिका परिषद बलरामपुर के अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ की अध्यक्षता में सोमवार को एमएलके पीजी कॉलेज के ऑडिटोरियम में संबंधित समितियों के पदाधिकारियों एवं नगर पालिका अधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक के दौरान नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ ने नगर क्षेत्र की विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों को 2,500-2,500 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की। नगर क्षेत्र की दो सौ से अधिक समितियों को सहयोग राशि वितरित की गई, जबकि शेष 31 समितियों को नगर पालिका परिषद सभागार में अध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’, डीपी सिंह एवं संजय शुक्ल द्वारा सहयोग राशि प्रदान की गई। इसके साथ ही समितियों को आधुनिक पूजा थाली एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया।


नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि नवरात्रि एवं दशहरा जैसे पर्व हमारी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं के महत्वपूर्ण अंग हैं। इन पर्वों को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से साफ-सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, जल निकासी, मार्गों की सफाई सहित अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाओं को बेहतर बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की जाएगी। पूजा पंडालों एवं रामलीला स्थलों के आसपास नियमित सफाई कराने के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा।

अध्यक्ष डॉ. ‘धीरू’ ने सभी दुर्गा पूजा एवं रामलीला समितियों से प्रशासन और नगर पालिका के साथ समन्वय बनाकर कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजनों में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए समितियां भी आवश्यक व्यवस्थाओं में सहयोग करें।

बैठक में विभिन्न दुर्गा पूजा समितियों एवं रामलीला कमेटियों के अध्यक्ष, महामंत्री सहित नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। सभी समितियों के पदाधिकारियों ने नगर पालिका अध्यक्ष द्वारा दिए गए सहयोग एवं सम्मान के लिए आभार व्यक्त किया।

Previous Post Next Post