गांधी-शास्त्री जयंती पर पुलिस अधीक्षक ने अर्पित किए श्रद्धा-सुमन, अधिकारियों-कर्मचारियों को दिलाई राष्ट्रसेवा की शपथ

 


ब्यूरो रिपोर्ट प्रमोद मिश्रा

बलरामपुर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर 2 अक्टूबर 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन बलरामपुर में कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक ने दोनों महान विभूतियों के चित्र का अनावरण एवं माल्यार्पण कर श्रद्धा-सुमन अर्पित किए। इस दौरान उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को राष्ट्र की एकता एवं अखंडता की रक्षा, अहिंसा तथा संवैधानिक मूल्यों का पालन करने की शपथ दिलाई गई।

पुलिस अधीक्षक ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा, त्याग एवं स्वच्छता के आदर्शों को स्मरण करते हुए कहा कि गांधी जी के विचार आज भी समाज और राष्ट्र को सत्य, अहिंसा तथा सद्भाव की राह पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि सत्य, अहिंसा, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा जैसे मूल्यों को अपने जीवन एवं कार्यप्रणाली में आत्मसात करना ही महात्मा गांधी के प्रति सच्चा सम्मान है।


इसी क्रम में पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, कर्तव्यनिष्ठा एवं राष्ट्रसेवा के प्रति समर्पण को याद करते हुए उन्हें नमन किया गया। उनके प्रसिद्ध संदेश “जय जवान, जय किसान” का उल्लेख करते हुए राष्ट्र निर्माण में जवानों एवं किसानों की महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया गया।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री के आदर्शों और सिद्धांतों को अपने आचरण एवं कार्यप्रणाली में अपनाने का संकल्प लिया। साथ ही आमजन की सुरक्षा, कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा जनसेवा के दायित्वों का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं संवेदनशीलता के साथ निर्वहन करने का संकल्प व्यक्त किया।

इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दोनों महान विभूतियों के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक बलरामपुर विशाल पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह, क्षेत्राधिकारी लाइन/उतरौला डॉ. जितेन्द्र कुमार, पुलिस उपाधीक्षक अशोक कुमार सिंह, पुलिस उपाधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Previous Post Next Post