सहायक ब्यूरो चीफ सुधीर सिंह कुम्भाणी, सीतापुर ✍️
सीतापुर। आंगनवाड़ी में नौकरी लगवाने के नाम पर रुपये लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में विधानसभा क्षेत्र सेऊता के भाजपा विधायक ज्ञान तिवारी एक सरकारी कर्मचारी को फटकार लगाते हुए नजर आ रहे हैं। विधायक का आरोप है कि कर्मचारी ने एक लड़की को आंगनवाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख 20 हजार रुपये लिए हैं।
विधायक ने मोबाइल ट्रांजेक्शन और वीडियो फुटेज का दिया हवाला
वायरल वीडियो में विधायक ज्ञान तिवारी कर्मचारी से कहते हुए सुनाई दे रहे हैं, "इनसे 2 लाख 20 हजार रुपये लिए हो, रिकॉर्ड है मेरे पास। इनके मोबाइल से तुम्हारे मोबाइल में 56 हजार रुपये आया है। वो नोट गिनते हुए वीडियो फुटेज है मेरे पास।"
आरोप है कि अंशिका यादव नाम की लड़की को आंगनवाड़ी में नौकरी दिलाने के नाम पर यह रकम ली गई थी। नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित परिवार ने विधायक से शिकायत की। परिवार का कहना है कि उन्होंने जेवर बेचकर रुपये दिए थे। अब सोना महंगा हो गया है और उन पर दो बीघा खेत देने का भी दबाव बनाया जा रहा है।
कर्मचारी ने रुपये लेने की बात स्वीकार की, विधायक ने लगाई फटकार
वीडियो में संबंधित कर्मचारी यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि उसे घर पर पैसा भेजना था, इसलिए उसने रुपये लिए थे। इस पर विधायक ज्ञान तिवारी ने सख्त लहजे में कहा, "योगी सरकार बिना भेदभाव के काम कर रही है। मेरिट के हिसाब से होना है। आप लोग सरकार को बदनाम कर रहे हो। नौकरी करना है या जेल जाना है?"
14 तारीख तक रकम लौटाने का अल्टीमेटम
विधायक ज्ञान तिवारी ने कर्मचारी को दो दिन का समय देते हुए कहा कि 14 तारीख तक 2 लाख 20 हजार रुपये पीड़ित परिवार को वापस कर दिए जाएं, अन्यथा एफआईआर दर्ज कराने और नौकरी जाने तक की कार्रवाई की बात कही। विधायक ने यह भी कहा कि पैसा उनके सामने लौटाया जाएगा और इसकी रसीद भी कराई जाएगी।
क्षेत्र के अन्य केंद्रों को लेकर भी उठ रहे सवाल
वायरल वीडियो में विधायक ने क्षेत्र के अन्य आंगनवाड़ी केंद्रों से भी इसी तरह की शिकायतें आने की बात कही। वहीं, क्षेत्र में कुछ लेखपालों पर कथित रूप से अपात्र लोगों से रुपये लेकर गरीबी रेखा से नीचे का आय प्रमाणपत्र बनाने और कुछ मुख्य सेविकाओं की भूमिका को लेकर भी चर्चाएं सामने आ रही हैं। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
आधिकारिक बयान का इंतजार
फिलहाल वायरल वीडियो के सामने आने के बाद सकरन और रेउसा क्षेत्र में यह मामला चर्चा का विषय बना हुआ है। इस संबंध में अभी तक किसी संबंधित अधिकारी का आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
नोट: यह खबर सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो और उपलब्ध जानकारी के आधार पर प्रकाशित की गई है। लगाए गए आरोपों की पुष्टि संबंधित विभाग की जांच और आधिकारिक साक्ष्यों के आधार पर ही हो सकेगी।
सच की आवाज़ वेब न्यूज़
