डीजल चोरी करने वाले गिरोह के चार और सदस्य गिरफ्तार, 80 लीटर डीजल बरामद

संवाददाता: जहीन खान ✍️ 

हरदोई, 21 जून 2025। अतरौली थाना पुलिस को डीजल चोरी के एक बड़े गिरोह के खिलाफ कार्रवाई में एक और सफलता मिली है। शनिवार को पुलिस ने गिरोह के चार और सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से 80 लीटर चोरी किया गया डीजल भी बरामद हुआ है।

गौरतलब है कि इस गिरोह के पांच सदस्यों को पुलिस दो दिन पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है।

मामले की शुरुआत संडीला कस्बा निवासी सद्दाम पुत्र दरोगा की तहरीर से हुई, जिसमें उन्होंने बताया कि 17 जून को वह अपना गिट्टी लदा ट्रक एक भट्ठे के पास खड़ा कर किसी काम से गए थे। लौटने पर देखा कि एक इनोवा कार में सवार कुछ लोग ट्रक से डीजल निकालकर पिपियों में भरकर भाग गए।

तहरीर के आधार पर पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन के निर्देश पर अतरौली पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की और शनिवार को गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार किए गए आरोपी इस प्रकार हैं:

  • विकास पुत्र विजय, निवासी शामतगंज
  • मो. आदिल पुत्र आशिक अली, निवासी सैनिक कॉलोनी
  • आशिक हुसैन पुत्र अफजल हुसैन, निवासी मोहल्ला अहमदजई, जलालनगर
  • नरेन्द्र कुमार पुत्र खेमकरन, निवासी रोशननगर, थाना सदर

पुलिस ने इनके कब्जे से 80 लीटर चोरी किया गया डीजल बरामद किया है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों की तलाश भी की जा रही है।

इस कार्रवाई से क्षेत्र में डीजल चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ पुलिस की सक्रियता दिखाई दे रही है, जिससे ट्रक चालकों व वाहन मालिकों ने राहत की सांस ली है।

Previous Post Next Post