ब्यूरो रिपोर्ट: जहीन खान ✍️
शाहाबाद, हरदोई। क्षेत्रीय वन रेंज शाहाबाद परिसर में पर्यावरण को स्वच्छ और संतुलित बनाए रखने के उद्देश्य से वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा ने शिरकत की।
कार्यक्रम का आयोजन वन रेंज अधिकारी आलोक शर्मा के नेतृत्व में किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख त्रिपुरेश मिश्रा ने आंवला, बरगद और शीशम जैसे दर्जनों पौधे रोपे। उन्होंने कहा, "वृक्ष धरती के आभूषण हैं और इनका संरक्षण हम सबकी जिम्मेदारी है। शुद्ध पर्यावरण के लिए पौधारोपण जरूरी है, एक वृक्ष दस पुत्रों के समान होता है।"
उन्होंने आम जनता से बढ़-चढ़कर वृक्षारोपण करने और उन्हें संरक्षित करने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि यह निरंतर प्रयास और संकल्प का विषय है।
वन रेंज अधिकारी आलोक शर्मा ने इस मौके पर उपस्थित कर्मचारियों को शपथ दिलाई कि वे रोपे गए पौधों की देखभाल करेंगे, नियमित रूप से उन्हें पानी देंगे और अपने घरों के आस-पास भी पौधे लगाकर उनका संरक्षण करेंगे। उन्होंने कहा, "वन हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और इनका संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है।"
कार्यक्रम में क्षेत्रीय वन विभाग के अधिकारी, कर्मचारी, ग्रामवासी और स्कूली बच्चे भी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों को जीवन देने का संकल्प लिया।
0 Comments