स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने नगर क्षेत्र में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए नालों की सफाई और चौड़ीकरण कार्य को शीघ्रता से पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं। शनिवार को आयोजित समीक्षा बैठक के उपरांत उन्होंने चार खंभा क्षेत्र में स्थित नाले पर बनी पुलिया का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पाया कि पुलिया की चौड़ाई बहुत ही कम है, जिससे बरसात के समय जल निकासी में परेशानी उत्पन्न हो सकती है। इस पर उन्होंने नगर निकाय और लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को उक्त पुलिया का चौड़ीकरण करने और उसमें आवश्यक मरम्मत कार्य कराने के निर्देश दिए।
नाले पर अतिक्रमण को चिन्हित कर तत्काल हटाने का निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि किसी भी हालत में नालों पर अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसे अतिक्रमण से जलभराव और स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं, जिससे आमजन को भारी कठिनाई होती है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि नगर क्षेत्र के सभी संवेदनशील इलाकों की सूची तैयार की जाए और वहां प्राथमिकता के आधार पर सफाई और मरम्मत कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य है कि जनता को सुरक्षित, स्वच्छ और जलभराव मुक्त वातावरण मिले, और इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।
इस मौके पर नगर आयुक्त विपिन कुमार मिश्र, अपर नगर आयुक्त एस. के. सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments