स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर। तहसील पुवाया के अंतर्गत ग्राम बसखेडा बुजुर्ग के ग्रामीण इन दिनों भारी जलभराव की समस्या से परेशान हैं। गांव के बीचोंबीच स्थित गाटा संख्या 70 आरजी के तालाब की वर्षों से सफाई न होने के कारण अब वह पूरी तरह कीचड़ से पट चुका है, जिससे उसकी पानी सोखने की क्षमता समाप्त हो गई है। नतीजतन बरसात या मामूली पानी गिरते ही गांव की सड़कों और रास्तों में जलभराव की स्थिति बन जाती है।
जलभराव के कारण बच्चों का स्कूल जाना भी हो रहा है मुश्किल। ग्रामीणों ने बताया कि यदि किसी व्यक्ति की मृत्यु हो जाती है तो श्मशान घाट तक ले जाने में भी ट्रैक्टर ट्रॉली का सहारा लेना पड़ता है, क्योंकि रास्ते पानी से लबालब भरे रहते हैं। गांव में बीमारियों के फैलने का खतरा भी मंडरा रहा है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि वर्ष 2023 से ही प्रशासनिक अधिकारियों को इस समस्या की जानकारी दी जा रही है, लेकिन आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। इससे ग्रामवासियों में आक्रोश और निराशा का माहौल है।
गांव के निवासी अजय सिंह, आदित्य सिंह और आलोक सिंह ने जिलाधिकारी से अपील की है कि तालाब की अत्यावश्यक खुदाई कराई जाए ताकि पानी की निकासी संभव हो सके और गांव को जलभराव की समस्या से राहत मिल सके।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जल्द ही प्रशासन इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेगा और समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments