स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
अर्जुन, अमरूद, नीम, कदम्ब, पाकड़ के पौधों का रोपण, जन-जागरूकता के लिए पोस्टर्स का विमोचन, 'वन महोत्सव' के अंतर्गत जनभागीदारी की प्रेरणा।
शाहजहांपुर, 01 जुलाई। पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण को लेकर "एक पेड़ माँ के नाम 2.0" अभियान के अंतर्गत माय भारत शाहजहाँपुर एवं जिला गंगा समिति के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड ददरौल के प्राथमिक विद्यालय सिंधौली में वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह अभियान "पेड़ लगाओ, पेड़ बचाओ" जनअभियान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष आह्वान पर आधारित है।
नवागत प्रभागीय वनाधिकारी विनोद कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में अर्जुन, अमरूद, नीम, कदम्ब व पाकड़ जैसे पर्यावरण के लिए उपयोगी पौधों का रोपण किया गया। साथ ही, वृक्षारोपण जागरूकता से जुड़े विभिन्न पोस्टर्स का विमोचन भी किया गया।
कार्यक्रम में जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि पर्यावरण बचाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका अहम है। उन्होंने सभी से "एक पेड़ अपनी माँ के नाम" लगाने का संकल्प लेने का आह्वान किया। साथ ही, रोपित पौधों की संरक्षण की जिम्मेदारी भी व्यक्तिगत रूप से उठाने को प्रेरित किया।
जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे डॉ. विनय सक्सेना ने कहा कि वन महोत्सव प्रतिवर्ष 1 से 7 जुलाई तक मनाया जाता है, जिसका उद्देश्य आमजन को पर्यावरण संरक्षण व वृक्षारोपण के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनजागरूकता और सामूहिक भागीदारी से ही इस अभियान को सफल बनाया जा सकता है।
इस अवसर पर प्राथमिक विद्यालय सिंधौली की इंचार्ज अध्यापिका फरहा नाज़, सर्वेश कुमार, सोनू निगम, रवि, सरवती, हिमांशु सक्सेना, हंसमुखी, अन्य स्थानीय ग्रामीण व विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम में सभी ने पर्यावरण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए अभियान को सफल बनाने का संकल्प लिया।
0 Comments