प्रेषक: जनराज्य फ्रंट इंडिया | दिनांक: 03 जुलाई 2025
शाहजहांपुर के ऐतिहासिक मिशन स्कूल परिसर में आज जनराज्य फ्रंट इंडिया द्वारा ‘यूथ फॉर इंडिया’ अभियान के अंतर्गत एक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण, महिला एवं छात्रा सुरक्षा, डिजिटल अरेस्ट, सड़क सुरक्षा, युवाजागरूकता आदि विषयों पर विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ADM एफ.आर. श्री अरविंद कुमार रहे, जिन्होंने सर्वप्रथम अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने जनराज्य फ्रंट की इस पहल की खुले मन से सराहना करते हुए विद्यार्थियों को तुलसी का पौधा लगाने, देश सेवा का संकल्प लेने और पढ़ाई में मन लगाने का संदेश दिया। साथ ही उन्होंने उपस्थित छात्रों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई।
जनराज्य फ्रंट इंडिया के राष्ट्रीय संयोजक व पूर्व विधानसभा प्रत्याशी अजय मीरा पाण्डेय ‘अंशु’ ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि
"आप सभी देश का भविष्य हैं। राष्ट्रहित में संलग्न रहकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें और जनहित के मुद्दों पर अपनी आवाज़ बुलंद करें। जनराज्य फ्रंट सदैव युवाओं के साथ खड़ा है।"
कार्यक्रम में आमंत्रित यातायात प्रभारी निरीक्षक श्री विनय पाण्डेय ने विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित नियमों की जानकारी दी और विशेष रूप से बिना हेलमेट वाहन न चलाने की अपील की।
मिशन शक्ति अभियान की उपनिरीक्षक सुश्री पारुल चौधरी ने छात्राओं को महिला सुरक्षा संबंधी हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी देकर उन्हें सजग रहने की प्रेरणा दी।
इसके उपरांत एडीएम श्री अरविंद कुमार और अंशु पाण्डेय के नेतृत्व में विद्यालय परिसर में आम, जामुन, अमरूद, बेल सहित 10 प्रकार के फलदार पौधों का रोपण किया गया और परिसर को हराभरा एवं समृद्ध बनाने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से:
- डॉ. प्रदीप अवस्थी (जिलाध्यक्ष)
- श्री जरार खां (महानगर उपाध्यक्ष)
- श्री अजीत यादव (जिला सचिव)
- दीपक सक्सेना, संजय जी, डॉ. टीना अग्रवाल, परिधि अग्रवाल, टीटू सिंह, प्रदीप मिश्रा, संतराम त्रिपाठी, शारिब खां, सुधांशु त्रिपाठी
सहित जनराज्य फ्रंट इंडिया के अनेक पदाधिकारी, स्कूल स्टाफ और शिक्षकगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में राष्ट्रीय संयोजक श्री अजय मीरा पाण्डेय अंशु ने सभी अतिथियों, कार्यकर्ताओं और विद्यालय परिवार का हृदय से आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में मिशन स्कूल के जीर्णोद्धार का संकल्प दोहराया।
0 Comments