ब्यूरो रिपोर्ट जहीन खान ✍️
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा छोटे सरकारी स्कूलों के विलय (मर्जर) के फैसले के खिलाफ आम आदमी पार्टी ने बख्शी का तालाब क्षेत्र में जोरदार प्रदर्शन किया। राज्यसभा सांसद व यूपी प्रभारी संजय सिंह ने बच्चों व अभिभावकों के साथ मिलकर शिक्षा बचाने की आवाज बुलंद की।
प्रदर्शन की शुरुआत बख्शी का तालाब स्थित सहपुरवा गांव से हुई, जहां सांसद संजय सिंह ने बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद उन्होंने प्राथमिक विद्यालय सहपुरवा का दौरा किया, जहां वर्तमान में 27 बच्चे और 4 शिक्षक कार्यरत हैं।
संजय सिंह ने विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं एवं उनके अभिभावकों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि यदि यह विद्यालय बंद हुआ तो गांव के बच्चों को लगभग ढाई किलोमीटर दूर प्राथमिक विद्यालय पहाड़पुर जाना होगा, जो खासकर छोटे बच्चों के लिए मुश्किल भरा सफर होगा।
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान संजय सिंह ने बच्चों और ग्रामीणों के साथ हाथ में तख्तियां लेकर "मधुशाला नहीं, पाठशाला चाहिए" जैसे नारों के साथ भाजपा सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की।
संजय सिंह ने मीडिया से बात करते हुए कहा:
"प्रदेश सरकार का यह फैसला शिक्षा को बंद करने की साजिश है। सुप्रीम कोर्ट तक जाएंगे और पूरे उत्तर प्रदेश में इस फैसले के खिलाफ जनजागरण अभियान चलाया जाएगा। सरकार और माननीय न्यायपालिका को इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।"
इस दौरान आम आदमी पार्टी के कई स्थानीय कार्यकर्ता, शिक्षक, ग्रामीण महिला व पुरुष बड़ी संख्या में प्रदर्शन में शामिल हुए। संजय सिंह के इस क़दम को लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चा तेज़ हो गई है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments