स्टेट ब्यूरो हेड: योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश
शाहजहांपुर, 07 अगस्त 2025।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह के निर्देशन में जनपद शाहजहांपुर में हर घर तिरंगा अभियान 2025 के प्रथम चरण के अंतर्गत रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इस चरण की शुरुआत 02 अगस्त से हुई, जो 08 अगस्त तक चलेगा।
इस अभियान के अंतर्गत ब्लैकबोर्ड, व्हाइटबोर्ड और ग्रीन बोर्ड को तिरंगा आधारित कला से सजाने, तिरंगा रंगोली, फेस पेंटिंग प्रतियोगिता जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें जनपद के विभिन्न प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया।
08 अगस्त को तिरंगा राखी वर्कशॉप और तिरंगा आधारित प्रदर्शनी का भी आयोजन किया जाएगा। इस पूरे अभियान में शिक्षकों, अभिभावकों और बच्चों की सहभागिता सराहनीय रही है।
राज्य संदर्भ समूह के सदस्य अश्विनी कुमार ने जानकारी दी कि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता के नेतृत्व में अभियान के द्वितीय चरण को और अधिक प्रभावशाली ढंग से संचालित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इस तिरंगा अभियान का उद्देश्य छात्रों को राष्ट्रीय ध्वज की ऐतिहासिक विकास यात्रा से परिचित कराना, तथा तिरंगे के प्रति सम्मान और बलिदान की भावना का संचार करना है।
प्राथमिक विद्यालय बुझिया, सौंफरी, अजीजगंज, लखोहा, निगोना मकरंदपुर और उच्च प्राथमिक विद्यालय जेवा, गंगसरा समेत कई विद्यालयों में तिरंगा अभियान जोर-शोर से संचालित किया गया, जिससे राष्ट्रभक्ति का भाव हर छात्र के मन में गहराई से अंकित हो रहा है।
0 Comments