लखनऊ, 24 जनवरी 2026।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को लेकर महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए गए हैं।
निर्देशों के अनुसार, आयोग द्वारा निर्धारित विशेष अभियान तिथियों में से 01 फरवरी 2026 (रविवार) को पड़ने वाली संत रविदास जयंती के कारण उस दिन विशेष अभियान आयोजित नहीं किया जाएगा। इस संबंध में प्रदेश के सभी जिला निर्वाचन अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।
हालांकि, 31 जनवरी 2026 (शनिवार) को आयोजित होने वाला विशेष अभियान पूर्व निर्धारित निर्देशों के अनुसार यथावत संचालित किया जाएगा। इस दिन मतदाता सूची में नाम जोड़ने, संशोधन एवं आपत्तियों से संबंधित सभी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के तहत संपन्न किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे उक्त आदेशों की जानकारी अधीनस्थ कर्मियों तक पहुंचाते हुए निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करें।
यह आदेश सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी सुनीता सिंह द्वारा जारी किया गया है।
0 Comments