Breaking News

राष्ट्रीय बालिका दिवस पर किचन शेड का शुभारंभ, छात्राओं को बांटी गई मिठाई, 200 पौधों का रोपण


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

राष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर जनपद की मॉडल ग्राम पंचायत भटपुरा रसूलपुर स्थित संविलियन विद्यालय में एक सराहनीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मनरेगा योजना के तहत ग्राम पंचायत द्वारा निर्मित किचन शेड (बच्चों के भोजन हेतु मैस) का शुभारंभ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता एवं सहयोग संस्था की अध्यक्ष रजनी गुप्ता ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। इस अवसर पर सभी छात्राओं को मिठाई खिलाकर बालिका दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में ग्राम पंचायत पहुंचे सभी अतिथियों का ग्राम प्रधान अनिल कुमार गुप्ता ने बुके भेंट कर स्वागत किया। विद्यालय एवं ग्राम पंचायत परिसर की हरियाली और स्वच्छता व्यवस्था को देखकर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी दिव्या गुप्ता ने ग्राम प्रधान के कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय बालिका दिवस के शुभ अवसर पर यह ग्राम पंचायत के लिए एक अत्यंत सराहनीय पहल है, जिससे अब बच्चे जमीन पर बैठकर भोजन करने के बजाय आराम से किचन शेड में बैठकर भोजन कर सकेंगे।


इस मौके पर सहयोग संस्था के पदाधिकारियों द्वारा विद्यालय परिसर में सभी बच्चों के साथ मिलकर एक साथ 200 पौधे लगाए गए। सहयोग संस्था के संस्थापक शाहनवाज खां एडवोकेट ने कहा कि ग्राम पंचायत की हरियाली देखने योग्य है, यहां बड़ी संख्या में पेड़ होने से सभी को शुद्ध और स्वच्छ हवा मिल रही है।

कार्यक्रम में सहयोग संस्था के महासचिव विकास सक्सेना, जेपी पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्य हिना खान, अध्यापिकाएं अंजली यादव, पायल दीक्षित, हिना परवीन सहित संविलियन विद्यालय के प्रधानाचार्य हरिश्चंद्र, अध्यापक अभिषेक सिंह, मशकूर, हुमा, मीनाक्षी मिश्रा, पूनम खितौलिया, सत्य प्रकाश, गुलअफशा, ग्राम विकास अधिकारी राकेश कुमार, रोजगार सेवक लड्डन अली, टीए अवधेश कुमार सहित अन्य शिक्षक, कर्मचारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments