शाहजहाँपुर | 27 जनवरी 2026
थाना रोजा क्षेत्र अंतर्गत शुभम रेस्टोरेंट में फायरिंग की सनसनीखेज घटना का थाना रोजा पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद तमंचा 315 बोर, एक जिन्दा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन में, पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी सदर के कुशल पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक रोजा के नेतृत्व में की गई।
पुलिस के अनुसार, वादी श्री ब्रजदीप आनंद द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर थाना रोजा पर मुकदमा पंजीकृत किया गया था, जिसमें शुभम रेस्टोरेंट पर रंगदारी की मांग, जातिसूचक गाली-गलौच, मारपीट तथा जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने के गंभीर आरोप लगाए गए थे।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीमों का गठन कर लगातार दबिश दी गई। इसी क्रम में पुलिस ने अभियुक्त कुलदीप उर्फ मयंक त्रिवेदी (उम्र लगभग 38 वर्ष) को अंडरपास के पीछे रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से तमंचा व जिन्दा कारतूस बरामद हुआ। वहीं दूसरे अभियुक्त पीयूष त्रिवेदी (उम्र लगभग 28 वर्ष) को जमुका दोराहा से गिरफ्तार कर उसके कब्जे से घटना से संबंधित खोखा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार करते हुए बताया कि आपसी विवाद के बाद रेस्टोरेंट में फायरिंग की गई थी।
दोनों अभियुक्तों के विरुद्ध बीएनएस 2023, एससी/एसटी एक्ट एवं शस्त्र अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
पुलिस की त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में अपराधियों के विरुद्ध सख्त संदेश गया है तथा आमजन में सुरक्षा की भावना और अधिक मजबूत हुई है।
0 Comments