स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर।
नगर निगम शाहजहाँपुर द्वारा “मेरा शहर–मेरा घर” अभियान के अंतर्गत मंगलवार, 06 जनवरी 2026 को नगर निगम कार्यालय में जन-सुनवाई दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रातः 10 बजे से अपराह्न 02 बजे तक नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र की अध्यक्षता में सम्पन्न हुआ।
जन-सुनवाई दिवस का आयोजन सिस्टेमैटिक एडमिनिस्ट्रेटिव मैकेनिज्म, ब्रिजिंग, हैप्पीनेस एंड वैल्यू (सम्भव) के तहत किया गया, जिसमें नगर क्षेत्र के जन-सामान्य ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान नागरिकों ने साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट/प्रकाश बिंदु, नाली निर्माण तथा कर विभाग से संबंधित अपनी समस्याएं एवं शिकायतें नगर प्रशासन के समक्ष रखीं।
नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने नागरिकों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर, समयबद्ध एवं जन-संतुष्टि को ध्यान में रखते हुए निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है।
जन-सुनवाई दिवस के दौरान कुल 05 समस्याएं/शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 03 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर सहायक नगर आयुक्त राजकुमार गुप्ता, सहायक नगर आयुक्त तरुण प्रताप सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज कुमार मिश्रा, महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित रहे। जन-सुनवाई दिवस के माध्यम से नगर निगम और नागरिकों के बीच संवाद को और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में यह कार्यक्रम महत्वपूर्ण साबित हुआ।


0 Comments