शाहजहाँपुर, 19 जनवरी।
महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से जनपद शाहजहाँपुर में मिशन शक्ति फेज-5 के अंतर्गत व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।
अभियान के दौरान महिला सुरक्षा दल द्वारा महिलाओं एवं बच्चों से संबंधित विभिन्न समस्याओं एवं सामाजिक मुद्दों पर संवाद स्थापित किया गया। महिलाओं को घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न निवारण, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह प्रतिषेध कानून सहित महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध होने वाले अपराधों की विस्तृत जानकारी दी गई।
महिला हिंसा से संबंधित शिकायतों के निवारण हेतु उपलब्ध विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं—
वीमेन पावर लाइन (1090), पुलिस आपात सेवा (112), मुख्यमंत्री हेल्पलाइन (1076), चाइल्ड हेल्पलाइन (1098), वन स्टॉप सेंटर (181), साइबर हेल्पलाइन (1930), स्वास्थ्य सेवा (102), एम्बुलेंस सेवा (108) तथा जनसुनवाई पोर्टल, स्थानीय थानों की हेल्प डेस्क एवं राष्ट्रीय/राज्य महिला आयोग से जुड़ी जानकारियाँ भी साझा की गईं।
मिशन शक्ति अभियान के तहत जनपद के समस्त थानों द्वारा पुलिस की पाठशाला/चौपाल आयोजित कर महिलाओं एवं छात्राओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सहायता के माध्यमों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस द्वारा यह संदेश दिया गया कि महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
0 Comments