Breaking News

अपने भाग्य के निर्माता स्वयं बनें : सुरेश खन्ना


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर।

विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प के साथ आगे बढ़ने का संदेश देते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना ने कहा कि विद्यार्थी अपने कर्मों के माध्यम से स्वयं अपने भाग्य के निर्माता बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि हम जो भी कर्म करते हैं, वे कभी न कभी अवश्य प्रतिफलित होते हैं।

मंत्री श्री खन्ना स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज में आयोजित एक गोष्ठी को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि दृढ़ संकल्प कभी व्यर्थ नहीं जाता। इसका सशक्त उदाहरण स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज का राज्य विश्वविद्यालय के रूप में उच्चीकरण है। उन्होंने इसे जनपद शाहजहांपुर के शिक्षा क्षेत्र में एक ऐतिहासिक एवं क्रांतिकारी कदम बताया।

इस अवसर पर मुमुक्षु शिक्षा संकुल के मुख्य अधिष्ठाता स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती ने भावुक उदगार व्यक्त करते हुए कहा कि विश्वविद्यालय बनने के बाद अब उनकी भूमिका धीरे-धीरे समाप्त हो रही है। आगे की जिम्मेदारी जनपद के नागरिकों, विद्यार्थियों एवं जनप्रतिनिधियों की है कि वे शाहजहांपुर के शैक्षिक वातावरण को इस स्तर तक विकसित करें कि यहां से निकलने वाले विद्यार्थी राष्ट्र की चुनौतियों का सामना करने में सक्षम बन सकें।

कार्यक्रम के दौरान कॉलेज के समस्त संकाय प्रभारियों द्वारा मंत्री श्री खन्ना का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। प्रबंध समिति के सचिव प्रो. अवनीश मिश्र ने स्वागत उद्बोधन प्रस्तुत करते हुए मंत्री महोदय को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।
एस.एस. कॉलेज के प्राचार्य प्रो. आर.के. आज़ाद ने मंत्री जी को स्मृति चिन्ह भेंट किया, जबकि विधि महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. जयशंकर ओझा ने दोनों महाविद्यालयों की प्रगति आख्या प्रस्तुत की।

कार्यक्रम का संचालन कॉलेज के उपप्राचार्य प्रो. अनुराग अग्रवाल द्वारा किया गया। धन्यवाद ज्ञापन प्राचार्य प्रो. आर.के. आज़ाद ने किया। स्वागत गीत एवं राष्ट्रगीत डॉ. कविता भटनागर द्वारा प्रस्तुत किया गया।


इस अवसर पर अशोक अग्रवाल, सुरेश सिंघल, डॉ. अमीर सिंह यादव, प्रो. आलोक मिश्र, प्रो. प्रभात शुक्ला, प्रो. देवेंद्र सिंह, प्रो. मधुकर श्याम शुक्ला, प्रो. कमलेश गौतम, डॉ. आलोक कुमार सिंह, डॉ. आदर्श पांडेय, डॉ. विकास खुराना, डॉ. पवन गुप्ता, डॉ. अनिल सिंह सहित मुमुक्षु शिक्षा संकुल की समस्त शिक्षण संस्थाओं के शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

संकुल की सभी संस्थाओं का किया भ्रमण

गोष्ठी से पूर्व मंत्री श्री सुरेश खन्ना ने मुमुक्षु शिक्षा संकुल की समस्त शिक्षण संस्थाओं का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने पुस्तकालय, वाचनालय, क्रीड़ा स्थल, प्रयोगशालाओं सहित उपलब्ध संसाधनों का गहन निरीक्षण किया।
इस अवसर पर उन्होंने श्री शंकर मुमुक्षु विद्यापीठ के नवीन भवन का उद्घाटन भी किया। प्रत्येक संस्था के शिक्षकों द्वारा मंत्री महोदय का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।



Post a Comment

0 Comments