शाहजहाँपुर, 10 जनवरी 2026।
जनपद में महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण एवं जन-संवेदनशील पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ करने की दिशा में आज एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा थाना जलालाबाद में बाल शिशु गृह, बाल मित्र केन्द्र एवं मिशन शक्ति केन्द्र का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर पुलिस अधीक्षक नगर सहित सदर, नगर, तिलहर, जलालाबाद, यातायात/लाइन एवं क्षेत्राधिकारी कार्यालय के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
उद्घाटन कार्यक्रम से पूर्व पुलिस अधीक्षक ने थाना जलालाबाद का औचक निरीक्षण एवं भ्रमण किया। थाना परिसर में पुलिस फोर्स से औपचारिक सलामी ग्रहण करने के उपरांत उन्होंने थाना भवन, अभिलेख व रजिस्टर, मालखाना, हवालात, आरक्षी बैरक, महिला हेल्पडेस्क, सीसीटीवी व्यवस्था, बीट सूचना प्रणाली एवं स्वच्छता सहित थाने की समग्र कार्यप्रणाली का गहन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अनुशासन, सतर्कता, जनसुनवाई और त्वरित पुलिस सेवा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
निरीक्षण उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा नवनिर्मित “बाल शिशु गृह” का उद्घाटन किया गया। उन्होंने बताया कि यह गृह असहाय, परित्यक्त एवं संकटग्रस्त बच्चों को तात्कालिक संरक्षण और सुरक्षित आश्रय प्रदान करेगा। यहां बच्चों के लिए भोजन, प्राथमिक उपचार, परामर्श एवं अन्य मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। साथ ही बाल संरक्षण इकाइयों जैसे CWC एवं DCPU के साथ समन्वय कर बच्चों के पुनर्वास की प्रक्रिया को भी सुदृढ़ किया जाएगा।
इसके पश्चात थाना परिसर में “बाल मित्र केन्द्र” का उद्घाटन किया गया। इस केन्द्र के माध्यम से बच्चों से जुड़े मामलों में संवेदनशील और बाल हितैषी वातावरण में कार्य किया जाएगा। जेजे एक्ट के अनुरूप बच्चों से संवाद, परामर्श, चाइल्ड एब्यूज़ रोकथाम, साइबर जागरूकता, ट्रैफिक शिक्षा तथा स्कूल आधारित कार्यक्रमों का संचालन किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान थाना जलालाबाद में “मिशन शक्ति केन्द्र” का भी उद्घाटन किया गया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि यह केन्द्र महिलाओं एवं बालिकाओं की शिकायतों के त्वरित पंजीकरण व निस्तारण, घरेलू हिंसा, छेड़छाड़, साइबर अपराध जैसे मामलों में सहायता व परामर्श, नारी सुरक्षा एवं सशक्तिकरण हेतु जागरूकता कार्यक्रमों तथा महिला बीट प्रणाली और पिंक पेट्रोलिंग की निगरानी में अहम भूमिका निभाएगा।
कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों व कर्मचारियों को निर्देशित किया कि थाना कार्यप्रणाली को पारदर्शी, जनसुलभ एवं प्रभावी बनाया जाए। महिला सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े मामलों में विशेष संवेदनशीलता बरती जाए, बीट अधिकारियों की सक्रियता बढ़ाई जाए तथा नवस्थापित केन्द्रों के संचालन की नियमित समीक्षा सुनिश्चित की जाए।
थाना जलालाबाद में इन तीनों केन्द्रों की स्थापना एवं उद्घाटन के साथ शाहजहाँपुर पुलिस ने महिला सुरक्षा, बाल संरक्षण और आधुनिक, संवेदनशील पुलिसिंग की दिशा में एक और सशक्त कदम बढ़ाया है, जो जनहित एवं सुरक्षित समाज निर्माण में सहायक सिद्ध होगा।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments