शाहजहाँपुर, 29 जनवरी।
आगामी ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस के शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा आज थाना रामचन्द्र मिशन क्षेत्रान्तर्गत निर्धारित जुलूस मार्ग का निरीक्षण किया गया। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण एवं क्षेत्राधिकारी नगर भी उनके साथ उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान जुलूस मार्ग पर लगाई गई रिहर्सल ड्यूटियों की भी गहन जांच की गई। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, यातायात डायवर्जन, बैरियर प्वाइंट, पिकेटिंग व्यवस्था, संवेदनशील एवं हाई-रिस्क स्थलों की पहचान, पैदल गश्त मार्ग, पुलिस बल की संभावित तैनाती, एम्बुलेंस एवं फायर यूनिट की उपलब्धता सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्ग की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल, दंगा नियंत्रण उपकरणों की उपलब्धता तथा ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए वैकल्पिक मार्गों की पूर्व घोषणा करने तथा किसी भी प्रकार की जाम की स्थिति उत्पन्न न होने देने के निर्देश यातायात पुलिस को दिए गए। साथ ही भीड़ नियंत्रण को प्रभावी बनाने और अनुशासनहीनता की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने स्थानीय गणमान्य व्यक्तियों एवं आयोजनकर्ताओं से संवाद कर तैयारियों की जानकारी ली और आपसी समन्वय से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित राहत एवं सहायता उपलब्ध कराई जाएगी तथा पुलिस बल पूरी मुस्तैदी के साथ ड्यूटी पर तैनात रहेगा।
अंत में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि ‘छोटे लाट साहब’ जुलूस का आयोजन पूर्णतः सुरक्षित, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना पुलिस प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
0 Comments