Breaking News

एनएचएआई की सड़क परियोजनाओं की मुख्यमंत्री योगी ने की समीक्षा, कहा— विकास हो लेकिन पर्यावरण संतुलन के साथ


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

लखनऊ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने सोमवार को प्रदेश में संचालित एवं प्रस्तावित भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) की विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उच्चस्तरीय समीक्षा की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास प्रदेश की आवश्यकता है, लेकिन यह पर्यावरण की कीमत पर नहीं होना चाहिए। विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने निर्देश दिए कि किसी भी परियोजना में वृक्षों का कटान केवल अपरिहार्य परिस्थितियों में ही किया जाए। जितने वृक्ष काटे जाएं, उससे अधिक संख्या में पौधरोपण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 35 करोड़ पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है, जिसे हर हाल में पूरा किया जाए।

परियोजनाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के लिए मुख्यमंत्री ने उत्तरदायित्व तय करते हुए निर्देश दिया कि जिलाधिकारी स्तर पर साप्ताहिक तथा मुख्य सचिव स्तर पर पाक्षिक समीक्षा की जाए। किसी भी स्तर पर लंबित प्रकरणों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एनएचएआई और जिला प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया जाए, ताकि सड़क परियोजनाओं में किसी प्रकार की देरी न हो। उन्होंने कहा कि ये परियोजनाएं उत्तर प्रदेश के आर्थिक विकास और औद्योगिक विस्तार की रीढ़ हैं।

जनहित से जुड़ी इन परियोजनाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसानों से सीधा संवाद किया जाए। बिचौलियों के हस्तक्षेप को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि परियोजनाओं की गुणवत्ता और समयबद्धता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार्य नहीं होगा।



Post a Comment

0 Comments