Breaking News

प्रौद्योगिकी राष्ट्रोन्नति का आधार स्तंभ : प्रो. राजकुमार सिंह

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर | 25 जनवरी

स्वामी शुकदेवानंद कॉलेज, शाहजहांपुर के रसायन विज्ञान विभाग द्वारा “उभरते भारत में रसायन प्रौद्योगिकी की भूमिका” विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुआ।

सेमिनार के मुख्य अतिथि प्रेम किशन खन्ना महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर राजकुमार सिंह ने कहा कि भारत आज तीव्र गति से विकास के पथ पर अग्रसर है और किसी भी राष्ट्र की प्रगति में उन्नत प्रौद्योगिकी तथा उत्कृष्ट वैज्ञानिक शोध की भूमिका सर्वोपरि होती है। उन्होंने कहा कि भारत वर्तमान में विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है और शीघ्र ही तीसरे स्थान पर पहुंचने की क्षमता रखता है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए एस.एस. कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर राकेश कुमार आजाद ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में रसायन प्रौद्योगिकी एक महत्वपूर्ण आधार स्तंभ है। यह कृषि, स्वास्थ्य, ऑटोमोबाइल एवं विनिर्माण जैसे प्रमुख क्षेत्रों में तकनीकी आत्मनिर्भरता और स्थिरता प्रदान करती है। उन्होंने बताया कि रसायन उद्योग 80,000 से अधिक उत्पादों के साथ अर्थव्यवस्था में विविधता लाता है तथा लगभग 220 बिलियन डॉलर के बाजार मूल्य के साथ वैश्विक स्तर पर 11वें स्थान पर है।


सेमिनार के संयोजक एवं रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक कुमार सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में कुल 22 विद्यार्थियों ने अपने विचार प्रस्तुत किए, जिनमें आस्था मिश्रा, सुजाता चौहान एवं कृतिका राजपूत को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए क्रमशः प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार प्रदान किए गए।

डॉ. चंदन गिरि गोस्वामी के कुशल संचालन में आयोजित इस सेमिनार में निर्णायक मंडल की भूमिका प्रोफेसर एस.के. यादव, प्रोफेसर आदित्य सिंह, प्रोफेसर शालीन कुमार सिंह, डॉ. प्रमोद यादव एवं डॉ. रमेश चंद्रा ने निभाई। कार्यक्रम में डॉ. शिशिर शुक्ला, डॉ. दीपक सिंह, डॉ. मंजीत कुमार सहित लगभग दो सौ छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में धन्यवाद ज्ञापन डॉ. संदीप कुमार दीक्षित द्वारा किया गया।

Post a Comment

0 Comments