ब्यूरो चीफ: तशरीफ़ अली, मेरठ
मेरठ। ब्लॉक माछरा क्षेत्र के परिषदीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब मेरठ द्वारा सेनेटरी पैड वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम बुधवार 28 जनवरी 2026 को आयोजित हुआ, जिसमें उच्च प्राथमिक विद्यालय मेघराजपुर, कायस्थ बड्डा, कासमपुर, हसनपुर कला, कमालपुर, भटीपुरा सहित अन्य विद्यालयों की छात्राओं को लाभान्वित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन माछरा खंड शिक्षा अधिकारी अजय कुमार के सहयोग से किया गया। इस अभियान में एसबीआई बैंक का भी सहयोग रहा तथा पूर्व एआरपी प्रियंका सिंघल (अध्यापिका, शौलदा) ने विद्यालय स्तर पर समन्वय की भूमिका निभाई। आयोजकों ने बताया कि शेष विद्यालयों में भी चरणबद्ध तरीके से सेनेटरी पैड वितरित किए जाएंगे।
छात्राओं को वितरित किए गए सेनेटरी पैड पुन:प्रयोग योग्य (Reusable) हैं, जो कपड़े से निर्मित हैं और साफ करके दोबारा उपयोग किए जा सकते हैं। इनकी उपयोग अवधि लगभग एक वर्ष बताई गई है। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को मासिक धर्म स्वच्छता, स्वास्थ्य सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण के संबंध में भी जानकारी दी गई।
आयोजकों ने बताया कि बाजार में उपलब्ध कई सेनेटरी पैड प्लास्टिक एवं रासायनिक पदार्थों से बने होते हैं, जिनके निस्तारण में लंबा समय लगता है, जबकि कपड़े से बने पैड पर्यावरण के लिए अपेक्षाकृत सुरक्षित विकल्प हैं। इस पहल से छात्राओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ने के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
0 Comments