शाहजहांपुर।
मेरा युवा भारत (MY Bharat) युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में आयोजित अंतरराज्यीय युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद शाहजहांपुर के माय भारत स्वयंसेवकों ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जनपद में रहकर उत्तर प्रदेश एवं शाहजहांपुर का प्रतिनिधित्व किया।
इस कार्यक्रम में शाहजहांपुर से दिव्यांशी मिश्रा, अभिषेक कुमार, कल्याणी करिणी पांडे, कुमारी वैष्णवी, शैलेन्द्र सिंह, बुद्ध प्रिय कुशवाहा एवं शगुन सक्सेना ने प्रतिभाग किया, जबकि अमित श्रीवास्तव टीम एस्कॉर्ट के रूप में युवाओं के साथ रहे।
जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्यक्रम 23 जनवरी से 27 जनवरी 2026 तक मंडी (हिमाचल प्रदेश) में आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने अनुभवात्मक शिक्षण सत्रों, सांस्कृतिक गतिविधियों, स्थानीय भ्रमण तथा विभिन्न विषयों पर आयोजित संवाद सत्रों में सहभागिता की। इसके माध्यम से प्रतिभागियों ने हिमाचल प्रदेश की सामाजिक, सांस्कृतिक, पारंपरिक एवं भौगोलिक विविधताओं को निकट से जाना।
साथ ही, देश के विभिन्न राज्यों से आए युवाओं के साथ संवाद कर “एक भारत–श्रेष्ठ भारत” की भावना को मजबूत किया तथा MYBharat MYVote पदयात्रा में भी उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के समापन अवसर पर पुलिस अधीक्षक मंडी साक्षी वर्मा एवं जिला युवा अधिकारी मंडी भारती मोंगरा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। उन्होंने सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर उनके उत्साह, अनुशासन एवं सक्रिय सहभागिता की सराहना की।
जिला युवा अधिकारी मयंक भदौरिया ने कहा कि अंतरराज्यीय युवा आदान–प्रदान कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता को सुदृढ़ करने का प्रभावी माध्यम है। ऐसे कार्यक्रम युवाओं को देश की विविध संस्कृतियों को समझने और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाते हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी मुकेश परिहार, लेखाकार सोनम सचान, डॉ. रूपक श्रीवास्तव, नीरा श्रीवास्तव एवं जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे डॉ. विनय सक्सेना ने भी प्रतिभागी युवाओं को शुभकामनाएँ दीं।
टीम एस्कॉर्ट अमित श्रीवास्तव ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल भ्रमण नहीं, बल्कि सीखने, समझने और स्वयं को एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में विकसित करने का अवसर रहा। पाँच दिनों तक चले सत्रों ने युवाओं के व्यक्तित्व और सामाजिक दृष्टिकोण को और अधिक समृद्ध किया।
0 Comments