Breaking News

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर ने थाना रामचन्द्र मिशन का किया वार्षिक निरीक्षण कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा व बेहतर पुलिसिंग पर दिया विशेष जोर


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा बुधवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के साथ थाना रामचन्द्र मिशन का वार्षिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण की शुरुआत थाना परिसर में आयोजित परेड की सलामी ग्रहण करने से हुई, जिसमें पुलिस बल ने अनुशासन एवं तैयारी का प्रभावी प्रदर्शन किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक महोदय ने थाना स्तर की विभिन्न व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणालियों का गहन अवलोकन किया। इस क्रम में उन्होंने थाना अभिलेखों का निरीक्षण करते हुए महत्वपूर्ण रजिस्टरों, विवेचनात्मक अभिलेखों एवं अपराध नियंत्रण से संबंधित दस्तावेजों की जांच की तथा अभिलेखों के सुव्यवस्थित संधारण के निर्देश दिए।

मालखाना निरीक्षण के दौरान केस प्रॉपर्टी, जब्ती माल एवं बरामद वस्तुओं के सुरक्षित रख-रखाव की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक सुधारात्मक निर्देश प्रदान किए गए।
साथ ही शस्त्रागार एवं शस्त्रों की स्थिति, रख-रखाव एवं अभिलेखों की जांच की गई। पुलिसकर्मियों द्वारा शस्त्र हैंडलिंग का निरीक्षण कर उन्हें शस्त्र संचालन संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी दिया गया।


पुलिस अधीक्षक द्वारा सीसीटीएनएस कक्ष का निरीक्षण कर उसकी कार्यप्रणाली, डेटा फीडिंग, रिकॉर्ड प्रबंधन एवं तकनीकी उपकरणों की स्थिति की समीक्षा की गई तथा त्वरित एवं प्रभावी सेवाओं हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इसके अतिरिक्त थाना परिसर, कार्यालय कक्ष, लॉकअप, बैठक कक्ष एवं महिला सहायता डेस्क सहित समस्त विभागों की स्वच्छता एवं सुव्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक  ने कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, जनसुरक्षा, जनसुनवाई, बीट पुलिसिंग, अपराध नियंत्रण, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी अपने सद्व्यवहार, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा के माध्यम से आमजन में विश्वास कायम करें और बेहतर पुलिसिंग की दिशा में निरंतर प्रयासरत रहें।



Post a Comment

0 Comments