Breaking News

एस एस कॉलेज में स्वर–साधना और श्रद्धा का संगम, सरस्वती पूजा व बसंत उत्सव का आयोजन


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर।

एस एस कॉलेज के संगीत विभाग द्वारा ज्ञान, कला और वाणी की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती के प्राकट्य दिवस एवं बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सरस्वती पूजा एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्रद्धा, संगीत और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों का सुंदर समन्वय देखने को मिला।

कार्यक्रम का शुभारंभ वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. अनुराग अग्रवाल, एनसीसी अधिकारी डॉ. आलोक कुमार सिंह, संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. कविता भटनागर एवं वरिष्ठ पत्रकार सुयश सिन्हा द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष विधिवत पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर छात्र-छात्राओं ने श्रद्धाभाव से मां शारदे को नमन किया।

इसके उपरांत आयोजित संगीत प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। संगीत विभागाध्यक्ष डॉ. कविता भटनागर एवं छात्राओं द्वारा प्रस्तुत सरस्वती वंदना और भजनों ने श्रोताओं को आध्यात्मिक अनुभूति से भर दिया। राग आधारित प्रस्तुतियों में अनुशासन, सौंदर्य और भावनात्मक गहराई का सुंदर प्रदर्शन देखने को मिला, जिसे उपस्थित जनसमूह ने खूब सराहा।


कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षकों ने बसंत पंचमी के सांस्कृतिक, शैक्षिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व ज्ञान, सृजनशीलता और सकारात्मक चेतना का प्रतीक है। उन्होंने संगीत विभाग के प्रयासों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को कला-साधना के क्षेत्र में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

इस अवसर पर धर्मवीर सिंह, काजल मिश्रा, मान्या पांडे, राधा, मुस्कान, अनीता, सरला, शिवानी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन मां सरस्वती से ज्ञान और सद्बुद्धि की कामना के साथ किया गया।

Post a Comment

0 Comments