Breaking News

डीएम ने अधिकारियों-कर्मचारियों को तनावमुक्त होकर कार्य करने के लिए किया प्रेरित, नए वर्ष पर आयोजित हुआ विशेष कार्यक्रम


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर, 01 जनवरी 2026।

नववर्ष 2026 के अवसर पर जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित बिस्मिल सभागार में अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए एक प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सरकारी कार्यों को तनावमुक्त वातावरण में करते हुए व्यक्तिगत जीवन, परिवार एवं स्वास्थ्य के बीच संतुलन बनाए रखने के लिए अधिकारियों को प्रेरित करना रहा।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नववर्ष की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवा के साथ-साथ घर-परिवार, बच्चों और स्वास्थ्य पर भी समान रूप से ध्यान देना आवश्यक है। जीवन में सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता बताते हुए उन्होंने कहा कि समय के साथ कार्य करने की शैली को और अधिक स्मार्ट, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाना होगा, ताकि जनपद निरंतर प्रगति की ओर अग्रसर हो सके।

जिलाधिकारी ने कहा कि मेहनत, लगन और ईमानदारी से कार्य करने वाले व्यक्तियों का सदैव विशेष स्थान होता है। जीवन में समस्याएं आती-जाती रहती हैं, लेकिन घबराने के बजाय संयम और धैर्य के साथ उनका समाधान करना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को सलाह दी कि वे किसी भी कार्य का अनावश्यक तनाव न लें, समय प्रबंधन के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें और गलत कार्यों से सदैव दूर रहें।

उन्होंने कहा कि समय अत्यंत मूल्यवान है, एक बार निकल जाने के बाद वापस नहीं आता। इसलिए सभी अधिकारी इस वर्ष कुछ नया सीखने, स्वयं को बेहतर बनाने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समयबद्ध रूप से पहुंचाने का संकल्प लें। साथ ही उन्होंने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने पर भी विशेष जोर दिया।


कार्यक्रम के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पुनः नववर्ष की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आने वाला वर्ष सभी के परिवारों के लिए सुख, शांति और समृद्धि लेकर आए। उन्होंने गत वर्ष में किए गए सराहनीय कार्यों के लिए सभी को बधाई दी और आशा व्यक्त की कि नए वर्ष में भी सभी अधिकारी पूरे समर्पण और निष्ठा के साथ कार्य करेंगे।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व अरविंद कुमार, अपर जिलाधिकारी न्यायिक राशिद अली, उप जिलाधिकारी न्यायिक सदर प्रियंका चौधरी, उप जिलाधिकारी न्यायिक पुवायां जीत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित कलेक्ट्रेट के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments