Breaking News

पीएम श्री बेसिक विद्यालय खुशहालगंज में नेताजी सुभाष चंद्र बोस जयंती श्रद्धा के साथ मनाई गई

 


ब्यूरो रिपोर्ट : रजनीश उर्फ़ कल्लू

काकोरी, लखनऊ।

आज दिनांक 23 जनवरी 2026 को पीएम श्री बेसिक विद्यालय, खुशहालगंज, काकोरी में महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाई गई। विद्यालय परिसर में सुबह से ही उत्सव का वातावरण देखने को मिला।

कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा माँ सरस्वती तथा नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन करने से हुई। इसके पश्चात बच्चों को नेताजी के जीवन, उनके संघर्ष और आज़ादी के लिए दिए गए बलिदानों पर आधारित प्रेरणादायक फिल्म दिखाई गई, जिससे बच्चों में देशप्रेम और कर्तव्यबोध की भावना जागृत हुई।


जयंती के अवसर पर विद्यालय में निबंध लेखन, चित्रकला एवं कविता प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। बच्चों की प्रस्तुतियों में नेताजी के विचारों और देशभक्ति की झलक साफ दिखाई दी।

विद्यालय प्रशासन ने बताया कि प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर पुरस्कृत किया जाएगा। कार्यक्रम के अंत में शिक्षकों ने बच्चों को नेताजी सुभाष चंद्र बोस के आदर्शों को जीवन में अपनाने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संकल्प दिलाया।

नेताजी की जयंती पर आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों के मन में देशभक्ति की भावना को और अधिक मजबूत किया तथा विद्यालय परिसर “जय हिंद” के नारों से गूंज उठा।

Post a Comment

0 Comments