ब्यूरो रिपोर्ट: रजनीश उर्फ़ कल्लू
लखनऊ।
उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) को एक बड़ी कामयाबी मिली है। अंतर्राज्यीय स्तर पर ट्रकों के इंजन और चेसिस नंबर बदलकर, उनके फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वाले संगठित गिरोह के तीन सक्रिय सदस्यों को STF ने गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई से वाहन फर्जीवाड़े के बड़े नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।
STF द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान विजय शंकर मिश्रा, बृजेश कुमार उर्फ विपिन और जय प्रकाश विश्वकर्मा के रूप में हुई है। आरोपियों के कब्जे से 4 ट्रक, 1 छोटा हाथी (कमर्शियल वाहन) और कई अहम फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल वाहन चोरी और अवैध बिक्री में किया जा रहा था।
जानकारी के अनुसार, यह गैंग चोरी अथवा संदिग्ध ट्रकों के इंजन व चेसिस नंबर बदलकर उन्हें नया रूप देता था। इसके बाद फर्जी आरसी, बीमा व अन्य कागजात तैयार कर वाहनों को अलग-अलग राज्यों में खपाया जाता था। STF को लंबे समय से इस गिरोह की तलाश थी।
STF टीम ने तीनों अभियुक्तों को मुफीद के गैराज, सुलतानपुर बायपास रोड, थाना कोतवाली देहात, जनपद सुलतानपुर से रंगे हाथों गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में कई और नाम सामने आने की संभावना जताई जा रही है, जिससे इस नेटवर्क के और बड़े होने के संकेत मिलते हैं।
STF अधिकारियों के मुताबिक, बरामद वाहनों और दस्तावेजों की तकनीकी जांच कराई जा रही है और पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ी जा रही हैं। जल्द ही इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी भी संभव है।
इस कार्रवाई से साफ है कि STF प्रदेश में संगठित अपराध और वाहन फर्जीवाड़े के खिलाफ पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments