मकर संक्रांति पर मानवता की मिसाल: सिपाही दिनेश चौधरी व सावन मलिक ने गरीब बच्चों को वितरित की गर्म जैकेट


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहांपुर (बंडा)।

मकर संक्रांति के पावन पर्व पर थाना बंडा में तैनात कांस्टेबल दिनेश चौधरी और सावन मलिक ने मानवता और सेवा भावना की मिसाल पेश की। शीतकाल की कड़ाके की ठंड में नगर क्षेत्र में घूम रहे गरीब व असहाय बच्चों को गर्म जैकेट वितरित कर दोनों पुलिसकर्मियों ने पर्व को सेवा और संवेदना के साथ मनाया।

स्थानीय लोगों के अनुसार कांस्टेबल दिनेश चौधरी और सावन मलिक क्षेत्र में आए दिन जरूरतमंद, गरीब और लाचार लोगों की सहायता के लिए आगे आते रहते हैं। विशेषकर ठंड के मौसम में छोटे-छोटे बच्चों की मदद के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है। जैकेट पाकर बच्चों के चेहरे पर खुशी साफ झलकती नजर आई।

नगरवासियों ने दोनों पुलिसकर्मियों के इस पुनीत कार्य की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए कहा कि यदि पुलिस बल के अधिकाधिक जवान इसी प्रकार मानवीय दृष्टिकोण अपनाएं, तो समाज में विश्वास और सौहार्द और अधिक मजबूत होगा। लोगों ने ईश्वर से दोनों पुलिस मित्रों के उज्ज्वल भविष्य और उन्नति की कामना भी की।

मकर संक्रांति के अवसर पर किया गया यह सेवा कार्य न केवल पर्व की सार्थकता को दर्शाता है, बल्कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास की एक मजबूत कड़ी भी स्थापित करता है।

Previous Post Next Post