Breaking News

जननी सुरक्षा योजना से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में आई उल्लेखनीय कमी जनपद शाहजहाँपुर में तीन वर्षों में डेढ़ लाख से अधिक महिलाओं का कराया गया सुरक्षित प्रसव


स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।
मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के उद्देश्य से संचालित जननी सुरक्षा योजना (जेएसवाई) जनपद शाहजहाँपुर में प्रभावी रूप से क्रियान्वित की जा रही है। इस योजना के अंतर्गत गर्भवती महिलाओं को समय से टीकाकरण की सुविधा प्रदान करने के साथ-साथ सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर सुरक्षित प्रसव सुनिश्चित कराया जा रहा है।

योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में प्रसव कराने पर ₹1400 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है, वहीं इस कार्य में सहयोग करने वाली आशा कार्यकर्ता को ₹600 प्रदान किए जाते हैं। इसी प्रकार शहरी क्षेत्र में सरकारी स्वास्थ्य इकाइयों पर प्रसव कराने पर महिलाओं को ₹1000 तथा शहरी आशाओं को ₹400 की प्रोत्साहन राशि दी जाती है।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल 2022 से मार्च 2025 तक जनपद में कुल 1,21,599 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराते हुए उन्हें योजना का लाभ दिया गया। वहीं वर्तमान वित्तीय वर्ष में अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक 31,041 महिलाओं का सुरक्षित प्रसव कराया गया और उन्हें जननी सुरक्षा योजना से लाभान्वित किया गया।

स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार, जननी सुरक्षा योजना के सफल क्रियान्वयन से न केवल संस्थागत प्रसव को बढ़ावा मिला है, बल्कि माताओं और नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य में भी उल्लेखनीय सुधार हुआ है। भविष्य में भी इस योजना के माध्यम से अधिक से अधिक गर्भवती महिलाओं को सुरक्षित मातृत्व सेवाओं से जोड़ने का प्रयास जारी रहेगा।



Post a Comment

0 Comments