Breaking News

जैतीपुर पुलिस ने स्मैक तस्करी का किया भंडाफोड़, चार तस्कर 100 ग्राम स्मैक सहित गिरफ्तार


 स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻 

शाहजहाँपुर।

थाना जैतीपुर पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए चार तस्करों को 100 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक सहित गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, एक बाइक और एक स्कूटी भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी तिलहर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना जैतीपुर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। पुलिस टीम 4 फरवरी को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फतेहगंज पूर्वी से दातागंज जाने वाले मार्ग पर ग्राम मरुआझाला मंदिर के पास स्कूटी और बाइक सवार चार संदिग्ध व्यक्ति पुलिस को देखकर भागने लगे, जिन्हें मौके पर ही घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।

तलाशी लेने पर आरोपियों के पास से कुल 100 ग्राम स्मैक, चार मोबाइल फोन, एक स्प्लेंडर प्लस बाइक और एक स्कूटी बरामद हुई। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे लंबे समय से स्मैक की तस्करी कर रहे थे और विभिन्न स्थानों से मादक पदार्थ लाकर उसकी बिक्री करते थे।

पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध थाना जैतीपुर पर एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/29 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में प्रस्तुत करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा और ऐसे अपराधों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।



Post a Comment

0 Comments