शाहजहाँपुर।
पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर द्वारा मंगलवार को थाना मदनापुर का वार्षिक निरीक्षण किया गया। इस दौरान उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी सदर भी उपस्थित रहे। निरीक्षण के समय थाना परिसर की समस्त व्यवस्थाओं का गहनता से अवलोकन किया गया।
निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय की कार्यप्रणाली, अपराध एवं सामान्य अभिलेखों की अद्यावधिक स्थिति, लंबित व प्रचलित विवेचनाओं की प्रगति, मालखाना, शस्त्रागार, हवालात, सीसीटीवी निगरानी व्यवस्था, साफ-सफाई, सुरक्षा प्रबंध, बैरक, मेस, आवासीय परिसर तथा जनसुनवाई व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई। महिला एवं बाल अपराध से संबंधित मामलों के त्वरित एवं संवेदनशील निस्तारण पर विशेष जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिए कि विवेचनाओं का निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, अभिलेखों का समुचित रखरखाव तथा आमजन के साथ शालीन एवं सहयोगात्मक व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने, नियमित गश्त, प्रभावी जनसंपर्क एवं अपराध नियंत्रण पर सतत निगरानी रखने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के उपरांत पुलिस अधीक्षक द्वारा थाना परिसर में नवस्थापित शिशु गृह एवं ‘बाल मित्र केंद्र’ का विधिवत शुभारंभ किया गया। बाल मित्र केंद्र का उद्देश्य ड्यूटी पर तैनात महिला पुलिसकर्मियों के बच्चों तथा थाने में आने वाले बच्चों को भयमुक्त, सुरक्षित एवं सहयोगी वातावरण प्रदान करना है। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने बच्चों को चॉकलेट वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया।
पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को थाना परिसर की साफ-सफाई, सुरक्षा, अनुशासन तथा जनसुनवाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
0 Comments