स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 07 फरवरी 2026।
प्रदेश के लोकप्रिय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के कुशल नेतृत्व में उत्तर प्रदेश ने विश्वस्तरीय इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित करने की दिशा में उल्लेखनीय प्रगति की है। वायु, जल, सड़क एवं रेल नेटवर्क की बेहतर कनेक्टिविटी से उद्योगों, विनिर्माण इकाइयों तथा पर्यटन क्षेत्र को देश-विदेश के बाजारों तक निर्बाध पहुंच मिल रही है। तेजी से विकसित हो रही राज्य अर्थव्यवस्था को सुदृढ़ बनाने हेतु सरकार द्वारा अवस्थापना सुविधाओं का तीव्र गति से विस्तार किया गया है तथा प्रदेश में 7 आधुनिक एक्सप्रेसवे का निर्माण कर क्षेत्रीय परिवहन व्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाया गया है।
प्रदेश की आधारभूत संरचना को आधुनिक एवं सुदृढ़ बनाने की दिशा में लोक निर्माण विभाग निरंतर प्रभावी कार्य कर रहा है। इसी क्रम में प्रदेश के 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ने की महत्वाकांक्षी योजना को सफलतापूर्वक धरातल पर उतारा गया है। सड़क चौड़ीकरण, सुदृढ़ निर्माण, ड्रेनेज व्यवस्था, संकेतक, स्ट्रीट लाइटिंग तथा यातायात सुरक्षा के सभी मानकों को ध्यान में रखते हुए कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया गया।
प्रदेश के 10 एयरपोर्ट टर्मिनल—आगरा, झांसी, गाजियाबाद, बरेली, अयोध्या, गाजीपुर, मेरठ, मुरादाबाद, प्रयागराज एवं श्रावस्ती—पहले से ही दो लेन सड़क कनेक्टिविटी से जुड़े हैं, जिनका रखरखाव एवं सुदृढ़ीकरण लोक निर्माण विभाग द्वारा निरंतर किया जा रहा है। इन कार्यों से यात्रियों को सुगम आवागमन तथा यातायात दबाव में कमी का लाभ मिला है।
इसके अतिरिक्त अलीगढ़, चित्रकूट, सोनभद्र, आजमगढ़, सहारनपुर, कुशीनगर एवं कानपुर सहित कुल 07 एयरपोर्ट टर्मिनलों तक दो लेन सड़क कनेक्टिविटी का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है। इससे संबंधित जनपदों में आवागमन सुगम हुआ है, क्षेत्रीय विकास को गति मिली है तथा पर्यटन, उद्योग, व्यापार एवं निवेश को प्रोत्साहन प्राप्त हुआ है। अयोध्या, कुशीनगर, चित्रकूट एवं श्रावस्ती जैसे प्रमुख धार्मिक-पर्यटन स्थलों को नई कनेक्टिविटी से विशेष लाभ मिला है तथा सड़क सुरक्षा में सुधार के साथ दुर्घटनाओं में कमी आने की संभावना है।
प्रदेश के सभी संचालित 17 एयरपोर्ट टर्मिनलों को दो लेन सड़कों से जोड़ना लोक निर्माण विभाग की दक्षता, तकनीकी क्षमता और प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है। उत्तर प्रदेश सरकार के सतत प्रयासों से यह योजना न केवल हवाई परिवहन व्यवस्था को सुदृढ़ बना रही है, बल्कि राज्य को आधुनिक, सशक्त एवं विकसित इंफ्रास्ट्रक्चर वाले प्रदेश के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर सिद्ध हो रही है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments