स्टेट ब्यूरो हेड योगेन्द्र सिंह यादव ✍🏻
शाहजहाँपुर, 12 फरवरी। उत्तर प्रदेश राज्य हज कमेटी, लखनऊ के माध्यम से जनपद शाहजहाँपुर से हज यात्रा-2026 पर जाने वाले आज़मीनों के लिए मेडिकल हेल्थ चेक-अप एवं वैक्सीनेशन की तिथि निर्धारित कर दी गई है। मुख्य चिकित्साधिकारी शाहजहाँपुर के कार्यालय द्वारा जारी पत्र दिनांक 05 फरवरी 2026 के अनुसार यह कार्यक्रम 17 फरवरी 2026 को प्रातः 11:00 बजे से नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जली कोठी (पुराना अस्पताल) में आयोजित किया जाएगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी रोहित कुमार सिंह ने जनपद के सभी हज यात्रियों से अपील की है कि वे निर्धारित तिथि, समय एवं स्थान पर उपस्थित होकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराएं तथा आवश्यक टीकाकरण पूर्ण कर वैक्सीनेशन प्रमाण-पत्र/कार्ड प्राप्त करना सुनिश्चित करें। साथ ही सभी संबंधित प्रपत्रों की छायाप्रति साथ लाना भी आवश्यक बताया गया है।
सूचना में यह भी उल्लेख किया गया है कि जो हज यात्री किसी कारणवश निर्धारित तिथि पर उपस्थित नहीं हो पाएंगे, वे किसी भी कार्य दिवस में पुराने जिला अस्पताल पहुंचकर टीकाकरण करवा सकते हैं। इस संबंध में जिलाधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला सूचना अधिकारी सहित संबंधित धार्मिक एवं शैक्षणिक संस्थानों को भी आवश्यक सूचना प्रेषित कर दी गई है।
जिला प्रशासन ने सभी आज़मीनों से समयबद्ध रूप से स्वास्थ्य परीक्षण एवं टीकाकरण पूर्ण कराने की अपील की है, ताकि हज यात्रा-2026 सुगमता एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न हो सके।
