थाना रोजा मिशन शक्ति टीम की सतर्कता, 3 वर्षीय बालिका सकुशल परिजनों के सुपुर्द

 


स्टेट ब्यूरो हेड योगेंद्र सिंह यादव, उत्तर प्रदेश ✍️

शाहजहाँपुर, 15 फरवरी 2026:

शिव बारात शोभायात्रा के दौरान थाना रोजा क्षेत्रान्तर्गत मोहल्ला आदर्शनगर कॉलोनी में लगभग 3 वर्षीय एक बालिका खो गई थी। बालिका अपना नाम और पता बताने में असमर्थ थी। मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने बालिका को तुरंत सुरक्षित वातावरण में लाकर बिस्किट, चॉकलेट और खिलौनों से शांत कराया।

बालिका की पहचान और परिजनों तक पहुँचाने के लिए डीसीआरबी शाहजहाँपुर एवं आसपास के थानों को सूचना दी गई और शोभायात्रा स्थल पर भी खोजबीन की गई। अंततः पुलिस ने बालिका के परिजनों से संपर्क किया। माता श्रीमती बबली पत्नी रवि (कनेंग, थाना रामचन्द्र मिशन) और रिश्तेदार रामू पुत्र मोहन (ग्राम बल्लिया, थाना रोजा) थाना रोजा पहुँचे।

परिजनों द्वारा बालिका का नाम प्रीति, उम्र लगभग 3 वर्ष बताया गया। माता ने कहा कि वे तिलक समारोह में आई थीं और शोभायात्रा देखते समय बालिका भीड़ में खो गई थी। मिशन शक्ति टीम ने बालिका को माता के सुपुर्द कर सकुशल घर पहुँचाया।

जनपद पुलिस ने कहा कि महाशिवरात्रि पर्व के अवसर पर आयोजनों में सुरक्षा, सतर्कता और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा सुनिश्चित की जा रही है।

Previous Post Next Post