शाहजहाँपुर | 01 फरवरी 2026
थाना अल्हागंज पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या की एक सनसनीखेज घटना का सूचना के मात्र 07 घंटे के भीतर सफल अनावरण करते हुए अज्ञात अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक शाहजहाँपुर के निर्देशानुसार, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी जलालाबाद के निकट पर्यवेक्षण में की गई।
दिनांक 31 जनवरी 2026 को वादी श्री जितेन्द्र पुत्र नोखेलाल, निवासी ग्राम रावतपुर, थाना अल्हागंज द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर उनके 17 वर्षीय पुत्र कमलेश उर्फ कल्लू की हत्या किए जाने के संबंध में थाना अल्हागंज पर मु0अ0सं0 26/2026, धारा 103(1) बी.एन.एस. के अंतर्गत अज्ञात अभियुक्त के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास के लोगों से पूछताछ, तकनीकी व गोपनीय सूचनाओं के आधार पर की गई विवेचना में अभियुक्त अनीस पुत्र धनपाल उर्फ विशाल निवासी ग्राम रावतपुर का नाम प्रकाश में आया। इसके पश्चात गठित पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर रावतपुर मोड़ से लगभग 100 मीटर पहले अभियुक्त को दिनांक 31.01.2026 को समय 17:05 बजे गिरफ्तार कर लिया।
कड़ाई से पूछताछ में अभियुक्त ने अपराध स्वीकार करते हुए घटना में प्रयुक्त आलाकत्ल (यूकेलिप्टस का डंडा) अपनी निशादेही पर पास के तालाब से बरामद कराया। बरामद साक्ष्यों व विवेचना से यह प्रमाणित हुआ कि हत्या अभियुक्त द्वारा ही की गई थी। इसके आधार पर अभियुक्त के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए उसे माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
अभियुक्त ने बताया कि मृतक कमलेश उर्फ कल्लू का उसकी पत्नी से संपर्क था, जिसे लेकर वह लंबे समय से नाराज था। इसी रंजिश में उसने दिनांक 30 जनवरी 2026 की शाम पंचायत भवन के पास डंडे से हमला कर कमलेश की हत्या कर दी और आलाकत्ल तालाब में फेंक दिया।
पुलिस की इस त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था के प्रति जनता का विश्वास और अधिक मजबूत हुआ है।
Sach Ki Awaz Web News एक स्वतंत्र और विश्वसनीय डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो निष्पक्ष, सटीक और तेज़ खबरें पाठकों तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध है। हमारा उद्देश्य समाज से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को बिना किसी पक्षपात के उजागर करना और जनता की आवाज़ को मजबूती से प्रस्तुत करना है। हमारी टीम जमीनी स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक की खबरों को सत्यापन के साथ प्रकाशित करती है, ताकि आपको मिले भरोसेमंद और प्रभावशाली जानकारी—सबसे पहले।
0 Comments