Breaking News

जिला उद्योग बंधु बैठक में लंबित प्रकरणों पर सख्ती, अमौसी–नादरगंज औद्योगिक क्षेत्र में सड़क व ड्रेन कार्य तेज

 

ब्यूरो रिपोर्ट: दर्शन गुप्ता, लखनऊ ✍️

लखनऊ, 02 फरवरी 2026 — जिलाधिकारी लखनऊ श्री विशाख जी0 की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय उद्योग बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों, संबंधित विभागों के अधिकारियों तथा उद्योग विभाग के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया।

बैठक के दौरान निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने समय-सीमा से अधिक लंबित मामलों पर गहरी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि पोर्टल पर प्रदर्शित प्रत्येक प्रकरण का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा में अनिवार्य रूप से सुनिश्चित किया जाए।

औद्योगिक क्षेत्र अमौसी/नादरगंज में अवस्थापना सुविधाओं पर अधिशासी अभियंता, यूपीसीडा ने बताया कि नादरगंज से सीपेट तक मुख्य सड़क एवं ड्रेन का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मुख्य सड़क का कार्य 28 फरवरी 2026 तक तथा नाली निर्माण कार्य फरवरी माह के मध्य तक पूर्ण कर लिया जाएगा। आंतरिक सड़कों के चौड़ीकरण एवं नालियों के निर्माण हेतु प्रस्ताव स्वीकृति के लिए भेजा गया है। नगर निगम से समन्वय कर क्षेत्र में डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण एवं नियमित साफ-सफाई कराई जा रही है, जिसकी पुष्टि उद्यमियों ने भी की।

गोयला इंडस्ट्रियल एरिया में एलटी लाइन विकास के संबंध में जानकारी दी गई कि शेष कार्य आगामी वित्तीय वर्ष के न्यू बिजनेस प्लान के अंतर्गत पूर्ण होगा। जिलाधिकारी ने मुख्य अभियंता को मौके पर कार्य प्रारंभ स्थिति की जानकारी लेकर प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर नगर आयुक्त, उपायुक्त उद्योग, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, क्षेत्रीय प्रबंधक यूपीसीडा, लखनऊ विकास प्राधिकरण, नगर निगम सहित उद्योग से जुड़े विभागों के अधिकारी, औद्योगिक संगठनों के पदाधिकारी एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

Post a Comment

0 Comments